SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार के मधुबनी में 8.37 लाख रुपए की ब्राउन शुगर के साथ...

बिहार के मधुबनी में 8.37 लाख रुपए की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

0
1

मधुबनी, 16 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 418.59 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत 8 लाख 37 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल और 165 रुपए नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बासोपट्टी थाना क्षेत्र के छतौनी चौक के पास एसएच-227 पर की गई। एसटीएफ से पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से सकरी से जयनगर और उमगांव होते हुए लोरिका गांव की ओर ब्राउन शुगर की खेप लेकर जाने वाला है। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर बासोपट्टी थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने स्थानीय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तथा श्वान दस्ते की मदद से छतौनी चौक पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इस दौरान हरलाखी की ओर जाने वाले रास्ते पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। इसी क्रम में पुलिस ने काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली। उसकी पहचान जितेंद्र ठाकुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके थैले से चार पैकेट में रखी 418.59 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसके अलावा 165 रुपये नकद भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह मादक पदार्थ की खेप मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी मो. सलीम कुजरा को पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने मादक पदार्थ, मोटरसाइकिल और नकदी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बासोपट्टी थाना कांड संख्या 390/26 के तहत 15 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।