मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पिछड़े और दलित वर्गों से जुड़े मुद्दों, राहुल गांधी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी, बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने से जुड़े विवाद और संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दलित समाज के प्रति आपत्तिजनक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही, राहुल गांधी को विदेश में देश की छवि और उपलब्धियों के बारे में सकारात्मक बातें रखने की सलाह दी। अठावले ने कहा कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए विशेष सत्र बुलाने पर विचार कर सकती है।
पिछड़े वर्गों और दलितों को लेकर उठे विवाद पर रामदास अठावले ने कहा कि भाजपा के पास कुछ रिपोर्ट आई हैं, जिनके मुताबिक समाजवादी पार्टी दलितों को मूर्ख बताने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इस कथित बयान और सपा की भूमिका को आपत्तिजनक बताया। अठावले ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के प्रति उनके मन में बहुत आदर है, लेकिन अब पार्टी की कमान संभाल रहे नेतृत्व को यह देखना चाहिए कि दलितों को इस तरह संबोधित करना कितना उचित है। दलित समाज में इस मुद्दे को लेकर काफी रोष है। अठावले ने स्पष्ट किया कि वह इस तरह की टिप्पणी का विरोध करते हैं और किसी भी राजनीतिक दल के लिए दलित समुदाय के प्रति ऐसी भूमिका अपनाना सही नहीं है।
गृह मंत्री अमित शाह की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की बुराई करते हैं, अठावले ने कहा कि विदेश जाने वाले किसी भी व्यक्ति को देश की नकारात्मक छवि पेश करने से बचना चाहिए। चाहे वह नेता हो, अभिनेता, कारोबारी या नौकरी करने वाला व्यक्ति, उसे विदेश में देश की प्रगति और उपलब्धियों की बात करनी चाहिए। अठावले ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश में भारत की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में सड़कें और एयरपोर्ट बेहतर बने हैं। पिछले दस वर्षों से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है और 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि इतने काम होने के बावजूद राहुल गांधी विदेश में देश की अर्थव्यवस्था और प्रधानमंत्री की आलोचना करते हैं, जो उचित नहीं है। अठावले ने कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष के नेता का दर्जा मिला है, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सोच-समझकर बयान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को आरोप लगाने हैं तो वे तथ्यात्मक और सही होने चाहिए।
बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने से जुड़े विवाद पर अठावले ने कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के बड़े नेता थे। उन्होंने देशभर के आदिवासियों को न्याय दिलाने के लिए बड़ा संघर्ष किया था और उनकी जयंती पूरे देश में मनाई जाती है। राहुल गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए नहीं पहुंचना आदिवासी समाज के लिए निराशाजनक है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र करते हुए भी राहुल गांधी पर सवाल उठाए। अठावले ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संविधान दिखाते हैं, लेकिन बाबा साहेब की जयंती और उनकी प्रतिमा या स्मारक पर पहुंचने के लिए समय नहीं निकालते। उन्होंने दावा किया कि इस रवैये से दलित और आदिवासी समुदाय में नाराजगी है और राहुल गांधी को इसका सामना करना पड़ेगा।
संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर अठावले ने कहा कि दिसंबर में शीतकालीन सत्र तो होना ही है, लेकिन सरकार उससे पहले तीन दिन का विशेष अधिवेशन बुलाने का निर्णय ले सकती है। इस संभावित सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। अठावले ने कहा कि परिसीमन लंबे अंतराल के बाद किया जाता है और सरकार इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही महिलाओं को आरक्षण देने का भी सरकार का इरादा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विशेष सत्र बुलाने का फैसला जल्द हो सकता है और दोनों विधेयक पारित कराए जा सकते हैं। अठावले ने विश्वास जताया कि सरकार के पास इन्हें पारित कराने की पर्याप्त ताकत है और इससे महिलाओं को न्याय मिलेगा।

