SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पाकिस्तान में अपहरण, धर्म परिवर्तन के मामलों में कार्रवाई को लेकर मानवाधिकार...

पाकिस्तान में अपहरण, धर्म परिवर्तन के मामलों में कार्रवाई को लेकर मानवाधिकार संगठन ने जताई च‍िंता

0
5

इस्लामाबाद, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की 12 साल की ईसाई लड़की जर्विया परवेज, जिसका कथित तौर पर अपहरण किया गया, जबरन इस्लाम कबूल कराया गया और उसकी शादी करा दी गई। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अदालत की ओर से मामले को खारिज कर दिए जाने और दबाव के सबूतों को नजरअंदाज कर दिए जाने के बाद वह अभी भी अपने अपहरणकर्ताओं की कैद में फंसी हुई है।

तुर्की मूल की पत्रकार उजे बुलुत, जिन्होंने इस मामले पर पीजे मीड‍िया में लेख लिखा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों के खिलाफ गंभीर घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनके अनुसार, गैर-मुस्लिम बच्चों के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और दुर्व्यवहार के मामलों पर पर्याप्त कार्रवाई नहीं हो रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2022 में 40 वर्षीय एक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने जर्विया का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। बताया गया है कि आर्थिक तंगी के समय इस दंपती को जर्विया के परिवार ने अपने घर में शरण दी थी। बाद में लड़की और उसके परिवार को कथित रूप से धमकियां भी दी गईं।

‘यूएस कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम’ का हवाला देते हुए रिपोर्ट में बताया गया कि अगस्त 2022 में रावलपिंडी बेंच के लाहौर हाईकोर्ट के न्यायाधीश सदाकत अली खान ने कुछ ही मिनटों में मामला खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि लड़की की शादी हो चुकी है और उसने यह फैसला अपनी इच्छा से लिया है।

हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, कई महत्वपूर्ण सबूतों पर विचार नहीं किया गया। इनमें अपहरण के बाद जर्विया और उसके भाई के बीच हुई एक रिकॉर्डेड फोन कॉल भी शामिल थी। कॉल में लड़की ने कथित तौर पर कहा था, “वे कह रहे हैं कि मुझे उनकी बात माननी होगी, नहीं तो वे मेरे भाइयों को मार डालेंगे।”

रिपोर्ट में बताया गया है कि ह्यूमन राइट्स कमीशन ऑफ पाकिस्तान (एचआरसीपी), संयुक्त राष्ट्र (यूएन) और मूवमेंट फॉर सॉलिडैरिटी एंड पीस समेत कई संगठनों का अनुमान है कि पाकिस्तान में हर साल लगभग 1,000 अल्पसंख्यक बच्चों का अपहरण किया जाता है। इनमें ज्यादातर पीड़ित गरीब हिंदू और ईसाई परिवारों की नाबालिग लड़कियां होती हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, न्याय पाने की कोशिश में परिवारों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अक्सर स्थानीय पुलिस मामले दर्ज करने में देरी करती है या उन्हें पारिवारिक विवाद के कारण घर छोड़कर जाने का मामला बताती है। इससे कथित अपहरणकर्ताओं को पीड़ितों को दूसरी जगह ले जाने या कानूनी दस्तावेज तैयार करने का समय मिल जाता है।

बुलुत के अनुसार, कई मामलों में स्थानीय अदालतें इन्हें बाल अपहरण के बजाय ‘धार्मिक पसंद’ का मामला मानती हैं और फिर शादी को वैध ठहरा देती हैं या लड़कियों को उन्हीं लोगों के पास वापस भेज देती हैं जिन पर आरोप लगे होते हैं।

15 नवंबर को बलूचिस्तान विधानसभा के अल्पसंख्यक सदस्य अशोक कुमार और संजय कुमार ने एक हिंदू लड़की बिंदिया कुमारी की तलाश में कथित विफलता के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि सिबी से अपहरण के बाद बिंदिया का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और उसकी शादी कर दी गई।

वहीं, 6 नवंबर को ‘वॉयस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी’ ने मारिया शाहबाज, नेहा फकीर और सोनिया तारिक जैसी नाबालिग लड़कियों के मामलों का भी जिक्र किया, जिनमें अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के आरोप लगाए गए थे।

मानवाधिकार संगठनों ने कहा है कि ऐसे मामलों की तुरंत और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही, उम्र से जुड़े सबूतों का सही तरीके से मूल्यांकन किया जाना चाहिए और लड़कियों के बयान बिना किसी दबाव या डर के सुने जाने चाहिए।