मनीला, 16 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की यात्रा के दौरान रामायण के फिलीपीनी रूपांतरण ‘महारदिया लवाना’ का एक विशेष मंचन देखा। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि यह प्रस्तुति दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को दर्शाती है।
एमईए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत और फिलीपींस की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मजबूत रिश्तों का जश्न मनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामायण के फिलीपीनी रूपांतरण ‘महारदिया लवाना’ का एक मंचन देखा। यह प्रस्तुति दोनों देशों के साझा सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव को दर्शाती है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय की ओर से आयोजित एक स्वागत समारोह में भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में ऐतिहासिक धरोहरों की झलक, श्लोक पाठ और बॉलीवुड व भांगड़ा प्रस्तुतियों के जरिए भारत और फिलीपींस के सांस्कृतिक संबंधों को उजागर किया गया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत समारोह में भारत और फिलीपींस के सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्ते जीवंत रूप में दिखाई दिए। ‘गोल्डन तारा ऑफ अगूसन’ और ‘लगुना कॉपरप्लेट इंस्क्रिप्शन’ की प्रतिकृतियों के प्रदर्शन से लेकर भावपूर्ण श्लोक पाठ और रंगारंग बॉलीवुड व भांगड़ा प्रस्तुतियों तक, पूरे कार्यक्रम ने दोनों देशों की सांस्कृतिक नजदीकियों और स्थायी मित्रता का उत्सव मनाया।”
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मनीला पहुंचे। फिलीपींस वर्ष 2026 में आसियान की अध्यक्षता कर रहा है और उन्हीं की मेजबानी में ये सम्मेलन आयोजित हो रहे हैं।
फिलीपींस पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने उत्साह के साथ ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए और प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
पीएम ने लोगों का आभार जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”मैं कुछ समय पहले फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचा। यहां भारतीय समुदाय के लोगों से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने मेरा बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। यह देखकर अच्छा लगा कि हमारी भारतीय मूल के समुदाय न सिर्फ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए हुए है, बल्कि भारत और फिलीपींस के रिश्तों को और मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।”
बाद में प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष औपचारिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनकर पासाय सिटी स्थित फिलीपींस इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। वहां उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर द्वारा आयोजित भव्य रात्रिभोज (गाला डिनर) में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर और प्रथम महिला लुईस अरानेटा-मार्कोस ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

