नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने 14 नवंबर 2026 को सामने आए अंडमान-निकोबार कांग्रेस कैंपेन कमेटी के पत्र के आधार पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर एसआईआर को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।
उन्होंने मंगलवार को नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित किया और बताया कि पत्र में 2027 के नगरपालिका और पंचायत चुनाव नवीनतम एसआईआर मतदाता सूची से कराने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दक्षिण भारत में एसआईआर को संवैधानिक और उचित बताती है, जबकि अन्य राज्यों में इसका विरोध करती है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से इस विरोधाभास पर जवाब मांगते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है।
गौरव भाटिया ने कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक प्रक्रिया है। भारत के संविधान का अनुच्छेद 324 निर्वाचन आयोग को यह शक्ति प्रदान करता है। दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी, टीएमसी और अन्य विपक्षी दल बार-बार चुनावी शुचिता का प्रतीक इस संवैधानिक प्रक्रिया का विरोध करते हैं और हंगामा करते हैं। कांग्रेस पार्टी और विशेष रूप से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस संवैधानिक प्रक्रिया का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। लेकिन 14 नवंबर 2026 को एक पत्र सामने आया है, जिसे अंडमान-निकोबार कांग्रेस कैंपेन कमेटी ने लिखा है। यह पत्र अंडमान-निकोबार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को संबोधित है। इस पत्र पर कांग्रेस की अंडमान-निकोबार टेरिटोरियल कांग्रेस कमेटी (एएनटीसीसी) की कैंपेन कमेटी के जी. भास्कर के हस्ताक्षर हैं। जी. भास्कर ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे इस पत्र में मांग की है कि आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनाव से पहले हुए एसआईआर के आधार पर कराए जाएं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि एएनटीसीसी की कैंपेन कमेटी के जी. भास्कर ने अपने पत्र में लिखा है, “मैं आपका ध्यान एसआईआर से पहले की मतदाता सूची के आधार पर कराए जा रहे नगरपालिका और पंचायत चुनावों को लेकर आम जनता और बीएलए को हो रहे असमंजस और कठिनाइयों की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। वर्ष 2027 के नगरपालिका और पंचायत चुनाव नवीनतम एसआईआर मतदाता सूची के आधार पर कराए जाने चाहिए। इस संबंध में यह उचित होगा कि नगरपालिका और पंचायत चुनाव 2027 नवीनतम एसआईआर मतदाता सूची के आधार पर आयोजित किए जाएं।”
उन्होंने कहा कि आज यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का यह दोहरा रवैया आखिर क्यों है? एसआईआर को लेकर उनका यह विरोधाभासी रुख क्यों है? हम सभी जानते हैं कि एसआईआर की प्रक्रिया के बाद कहीं भाजपा की सरकार बनी, तो कहीं कांग्रेस की भी सरकार बनी। केरल में भी कांग्रेस की सरकार बनी। ऐसे में सवाल उठता है कि केरल में एसआईआर अच्छा है, लेकिन बाकी राज्यों में बुरा क्यों है? यदि एसआईआर वास्तव में कोई असंवैधानिक प्रक्रिया नहीं है और सर्वोच्च न्यायालय भी इस पर अपनी मुहर लगा चुका है, तो राहुल गांधी से यह सवाल पूछना जरूरी है कि अंडमान-निकोबार की कांग्रेस कैंपेन कमेटी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह को पत्र लिखकर नगरपालिका और पंचायत चुनाव नवीनतम एसआईआर मतदाता सूची के आधार पर कराने की मांग क्यों की है?
भाटिया ने कहा कि जी. भास्कर ने इसी पत्र में एक और वाक्य लिखा है कि “उपरोक्त बातों को ध्यान में रखते हुए, मैं आपके कार्यालय से अनुरोध करता हूं कि वर्ष 2027 के नगरपालिका और पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने के प्राथमिक आधार के रूप में नवीनतम एसआईआर मतदाता सूची को अपनाने पर विचार करें।”
इसका मतलब है कि अंडमान-निकोबार में कांग्रेस चाहती है कि नवीनतम एसआईआर के तहत तैयार मतदाता सूची के आधार पर चुनाव हों। ऐसे में मेरा सवाल है कि यदि राहुल गांधी एसआईआर का विरोध कर रहे हैं, अराजकता फैला रहे हैं और तख्तापलट की बातें कर रहे हैं, तो कांग्रेस की अंडमान कैंपेन कमेटी मुख्य निर्वाचन अधिकारी से यह मांग क्यों कर रही है कि नगरपालिका और पंचायत चुनाव एसआईआर के तहत ही कराए जाएं? यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी आज अराजकता फैलाने वाले तत्व के रूप में सामने आ रहे हैं। उनकी प्रवृत्ति केवल विध्वंस और विनाश की है। जनता उनके इस रवैये को पहले ही नकार चुकी है।
गौरव भाटिया ने कहा कि दक्षिण भारत में कांग्रेस के नेताओं के बयान एसआईआर को लेकर अलग ही रुख दिखाते हैं। केरल में कांग्रेस के नेता और वर्तमान मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा है कि वहां हुआ एसआईआर अच्छा था और उसकी प्रक्रिया अलग थी। इसी तरह कर्नाटक सरकार में मंत्री सतीश जारकीहोली ने भी एसआईआर को संवैधानिक और उचित बताया है। अब कांग्रेस और राहुल गांधी को जनता को यह बताना चाहिए कि दक्षिण भारत में, जहां कांग्रेस को कई जगह जीत मिली, वहां एसआईआर को सही ठहराया जाता है, लेकिन उत्तर भारत में इसी प्रक्रिया के विरोध में अराजकता, जंगलराज, धरना-प्रदर्शन और तख्तापलट की बातें क्यों की जाती हैं? कांग्रेस अपनी इस सोच से देश को बांटने का प्रयास क्यों कर रही है? हमें उम्मीद है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 नवंबर 2026 के इस पत्र पर जनता को अपना जवाब जरूर देंगे।


