SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कर्नाटक: हासन से भद्रा रिजर्व फॉरेस्ट में 56 हाथियों को स्थानांतरित करने...

कर्नाटक: हासन से भद्रा रिजर्व फॉरेस्ट में 56 हाथियों को स्थानांतरित करने के फैसले का चिकमगलूर में विरोध

0
1

बेंगलुरु, 17 नवंबर (आईएएनएस)। वन विभाग हासन क्षेत्र से 56 जंगली हाथियों को भद्रा रिजर्व फॉरेस्ट में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा है। यह फैसला तीन दिनों के भीतर हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत के बाद लिया जा रहा है। हालांकि, इस कदम का चिकमगलूर जिले के निवासियों, खासकर श्रृंगेरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने कड़ा विरोध किया है।

दरअसल, हासन जिले के बेलूर तालुक में तीन दिनों के भीतर जंगली हाथियों के दो जानलेवा हमलों के बाद से तनाव बढ़ गया है। सोमवार को नागेनहल्ली गांव में 55 वर्षीय हफीज-उर-रहमान की एक हाथी के हमले में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह उस समय कॉफी एस्टेट में काम पर जा रहे थे।

इससे पहले, पिछले शनिवार को इसी तरह के एक हमले में जयाम्मा नाम की एक महिला की मौत हो गई थी। इन दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों और किसान संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और मानव-हाथी संघर्ष के स्थायी समाधान की मांग की।

पहले विरोध प्रदर्शन के बाद वन विभाग ने आश्वासन दिया था कि रिहायशी इलाकों में आने वाले हाथियों को वापस जंगल में खदेड़ दिया जाएगा। हालांकि, सोमवार को हुई मौत के बाद और हमलों को रोकने में विफलता को लेकर लोगों का गुस्सा फिर से भड़क गया है।

वन विभाग बेलूर के बिक्कोडु एलीफेंट कैंप में इस अभियान की तैयारी कर रहा है। इस काम में मदद के लिए प्रशिक्षित हाथियों की एक टीम तैनात की जाएगी, जिसका नेतृत्व ‘प्रशांत’ नाम का पालतू हाथी करेगा। इसके अलावा, सक्रेबैलु एलीफेंट कैंप से आठ और प्रशिक्षित हाथी भी इस अभियान में शामिल होंगे।

वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षित हाथियों की पूजा-अर्चना की है और जल्द ही उन्हें इस अभियान के लिए भेजा जाएगा।

हालांकि, श्रृंगेरी विधानसभा क्षेत्र के निवासियों ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है, जिनमें पूर्व भाजपा विधायक जीवराज भी शामिल हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि हाथियों को भद्रा रिजर्व फॉरेस्ट में स्थानांतरित करने की योजना को तुरंत रोका जाए।

यह विरोध तब सामने आया है जब सोमवार को बेलूर में आबकारी मंत्री और हासन जिले के प्रभारी मंत्री केएम शिवलिंगे गौड़ा ने बयान दिया कि बेलूर क्षेत्र से जंगली हाथियों को भद्रा वन्यजीव अभयारण्य (भद्रा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी) में स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। चिकमगलूर-उडुपी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कोटा श्रीनिवास पुजारी ने मंत्री शिवलिंगे गौड़ा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोग इस प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर चिंतित हैं।

उन्होंने इस बात पर सवाल उठाया कि जब पहले ही 50-60 हाथियों को उस इलाके से हटाया जा चुका है, तो फिर से उतनी ही संख्या में हाथियों को उसी क्षेत्र में वापस लाने का क्या तर्क है?

उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि शिवलिंगे गौड़ा ने किस संदर्भ में ऐसा बयान दिया है। वन मंत्री को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और चिकमगलूर जिले के लोगों के हितों की रक्षा के लिए कदम उठाने चाहिए।”

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हासन जिला प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए हाथियों से जुड़ी अपनी समस्याओं को चिकमगलूर जिले पर थोपने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने सवाल किया, “जब मवेशी भी हमारे कहने पर नहीं जाते, तो हम हाथियों से ऐसा करने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? चिकमगलूर जिले में भद्रा वन्यजीव अभयारण्य बेलूर से लगभग 100 किमी दूर है। क्या 50 हाथियों को 100 किमी दूर तक ले जाना बच्चों का खेल है?”

उन्होंने चेतावनी दी कि इस कदम से एनआर पुरा तालुक और चिकमगलूर जिले के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों के लिए गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अभी सुपारी और कॉफी की कटाई का मौसम है, जब बागानों में हजारों मजदूर काम कर रहे होते हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर इस प्रक्रिया के दौरान हाथियों की वजह से कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

मुदिगेरे तालुक के निवासियों ने मांग की कि हाथियों को भगाने के बजाय उन्हें पकड़कर कहीं और स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे चलकर यही स्थिति उनके चुने हुए प्रतिनिधियों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर सकती है।

नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो भाजपा इस प्रस्तावित अभियान के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।