SGSU Advertisement
Home राजनीति राष्ट्रपति ने आईसीएमआर-एनआईएमआर के स्वर्ण जयंती समारोह का किया उद्घाटन, मलेरिया के...

राष्ट्रपति ने आईसीएमआर-एनआईएमआर के स्वर्ण जयंती समारोह का किया उद्घाटन, मलेरिया के मामलों में 80 प्रतिशत कमी पर जताई खुशी

0
1

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मलेरिया रिसर्च (आईसीएमआर-एनआईएमआर) के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 2015 से 2025 के बीच भारत में मलेरिया के मामलों और मौतों में लगभग 80 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने मलेरिया उन्मूलन के लिए निरंतर सतर्कता, प्रभावी निगरानी और सामुदायिक भागीदारी का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने संस्थान से जुड़े पूर्व और वर्तमान वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक रूप से मलेरिया भारत के सबसे गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य मुद्दों में से एक रहा है, जिसने विशेष रूप से ग्रामीण और आदिवासी समुदायों को प्रभावित किया है। गांवों में मलेरिया के प्रभाव को लेकर अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे इस बीमारी ने लोगों की आजीविका, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित किया। उन्होंने दवाओं का पूरा कोर्स पूरा करने के संबंध में जन जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।

राष्ट्रपति ने बताया कि अधिक बोझ वाले जिलों की संख्या 155 से घटकर 33 रह गई है। 2022-2025 के दौरान 160 जिलों में मलेरिया का कोई भी स्थानीय मामला सामने नहीं आया। 2024 में विश्व स्वास्थ्य संगठन के ‘हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट’ समूह से भारत के निकलने की सराहना करते हुए उन्होंने वैज्ञानिकों, स्वास्थ्य कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को सराहा। उन्होंने मलेरिया परजीवियों, मच्छरों, वेक्टर नियंत्रण, कीटनाशकों के प्रति प्रतिरोध और सामुदायिक निगरानी पर शोध में आईसीएमआर-एनआईएमआर के पांच दशकों के योगदान को मान्यता दी।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान हर उस गांव और समुदाय तक पहुंचना चाहिए जहां इसकी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण और मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोध क्षमता जैसी उभरती चुनौतियों की ओर ध्यान दिलाते हुए उन्होंने जलभराव रोकने, मच्छरों के पनपने के स्रोतों को खत्म करने और पर्यावरणीय प्रबंधन को मजबूत करने का महत्व रेखांकित किया। उन्होंने भुवनेश्वर में विकसित हो रही स्वदेशी मलेरिया वैक्सीन में आईसीएमआर-एनआईएमआर के योगदान पर संतोष व्यक्त किया।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने आईसीएमआर-एनआईएमआर को 50 वर्षों की समर्पित वैज्ञानिक सेवा पूरी करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत, जहां विश्व की लगभग 16 प्रतिशत आबादी रहती है, वहां वैश्विक मलेरिया मामलों का लगभग 0.7 प्रतिशत और मौतों का 0.6 प्रतिशत हिस्सा है। उन्होंने 2030 तक मलेरिया को पूरी तरह खत्म करने का विश्वास जताया।

उन्होंने कहा, “हम अपनी रणनीतियों और नीतियों में आवश्यक बदलाव लाकर 2030 तक मलेरिया को खत्म कर देंगे।” नड्डा ने बताया कि लोगों की जेब से होने वाला खर्च 63 प्रतिशत से घटकर 42 प्रतिशत हो गया है, जबकि सरकारी स्वास्थ्य व्यय 6 प्रतिशत से बढ़कर 23 प्रतिशत हो गया है।

डीएचआर सचिव और डीजीआईसीएमआर डॉ. राजीव बहल ने 2027 तक स्थानीय स्तर पर होने वाले मलेरिया के मामलों को शून्य करने और 2030 तक मलेरिया को पूरी तरह खत्म करने के लक्ष्यों को रेखांकित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने आईसीएमआर-एनआईएमआर की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट शीट जारी की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने संस्थान की कॉफी टेबल बुक और ‘आईसीएमआर-एनआईएमआर रिसर्च जर्नी’ पुस्तक का विमोचन किया।