SGSU Advertisement
Home खेल धोनी के मेंटॉर बनने से सीएसके को उनके बेशकीमती अनुभव का फायदा...

धोनी के मेंटॉर बनने से सीएसके को उनके बेशकीमती अनुभव का फायदा मिलेगा : मोंटी पनेसर

0
4

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। महेंद्र सिंह धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास की घोषणा के बाद पूरे क्रिकेट जगत से उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर का मानना है कि माही के मेंटॉर बनने से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को उनके बेशकीमती अनुभव का फायदा मिलेगा।

धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मैच खेले और 5,439 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने अपनी कप्तानी में सीएसके को 5 बार चैंपियन बनाया। वह 2027 सीजन से टीम के मेंटॉर के रूप में फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहेंगे।

मोंटी पनेसर ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “एमएस धोनी ने संन्यास की घोषणा कर दी है और अब वे चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटॉर बनने जा रहे हैं, जो कि वाकई बहुत अच्छी खबर है। कप्तान से मेंटॉर बनने के इस बदलाव से उन्हें आईपीएल मुकाबलों के दौरान खेल को समझने और दबाव में शांत रहने का जो बेशकीमती अनुभव है, उसका फायदा टीम को मिलेगा। इसके अलावा, कुछ फंड भी खाली हो जाएगा, जिसका इस्तेमाल वे किसी युवा और असरदार खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए कर सकते हैं। साथ ही धोनी को अब शारीरिक रूप से भी राहत मिलेगी। पिछले साल उनके घुटने और पिंडली में काफी तकलीफ थी। अब उनके पास अपना समय बचाने का मौका है और वे अपने अनुभव का इस्तेमाल चेन्नई सुपर किंग्स को सफल बनाने में कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “पिछले तीन साल से टीम लगातार प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है। इसलिए अब असली चुनौती यह है कि क्या वे चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटॉर के रूप में भी उतनी ही सफलता हासिल कर पाएंगे, जितनी उन्होंने एक आईपीएल कप्तान के तौर पर पाई थी।”

भारत के पूर्व लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को संवारने में अहम भूमिका निभाने के लिए धोनी को धन्यवाद दिया। यह याद करते हुए कि धोनी ने ही उन्हें भारत के लिए डेब्यू कैप दी थी, चहल ने कहा कि पूर्व कप्तान का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन उनके लिए हमेशा अमूल्य रहेगा।

चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आपने मुझे भारत के लिए मेरी डेब्यू कैप दी थी, एक ऐसा पल जिसे मैं जीवनभर संजोकर रखूंगा। आपके मार्गदर्शन, मेंटॉरशिप और अटूट विश्वास ने मेरे सफर को आकार देने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। धन्यवाद, माही भाई। आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। आपकी यह भूमिका आपके लिए कोई नई बात नहीं है, बस सीएसके के साथ एक नया अध्याय है। आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

सीएसके के पूर्व खिलाड़ी दीपक चाहर ने भी धोनी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “बहुत-बहुत धन्यवाद, माही भाई। आपने हम सभी को—क्रिकेट फैंस और आपके फैंस के रूप में—जो प्रेरणा, मनोरंजन और मार्गदर्शन दिया है, उसके लिए शुक्रिया। अब आपको खेलते हुए न देख पाना मुश्किल होगा, लेकिन हम सभी जानते हैं कि आपने इस खेल के लिए अपना सब कुछ दे दिया। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मैं उस सफर का हिस्सा रहा और आपको करीब से लोगों का मनोरंजन करते हुए देखा। मेरे करियर में हमेशा मेरा समर्थन करने और मेरा साथ देने के लिए मेरी तरफ से एक विशेष धन्यवाद। इस नए अध्याय के लिए आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उम्मीद है कि जल्द ही फिर मुलाकात होगी और हम साथ में कुछ अच्छा समय बिताएंगे। लव यू, माही भाई।”

सीएसके के पूर्व साथी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने आईपीएल 2023 में चेन्नई की जीत के बाद धोनी को गोद में उठाए हुए अपनी एक तस्वीर साझा की और कैप्शन में लिखा, “8 (जडेजा का जर्सी नंबर) का 7 (धोनी का जर्सी नंबर) के लिए हमेशा सम्मान रहेगा।”

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि धोनी का अनुभव और ज्ञान युवा क्रिकेटर्स को प्रेरित करता रहेगा, वहीं भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने उनके संन्यास को एक युग का अंत बताया। चोपड़ा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “एक युग का अंत। माही, आपके बिना आईपीएल पहले जैसा नहीं रहेगा।”

भारत के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने भी धोनी को उनके शानदार सफर के लिए बधाई दी और बताया कि कैसे उन्होंने कई पीढ़ियों के क्रिकेटर्स पर गहरा प्रभाव डाला है। धवन ने ‘एक्स’ पर लिखा, “क्या शानदार सफर रहा है, महेंद्र सिंह धोनी भाई। आपकी कप्तानी, शांत स्वभाव और खेल पर आपके प्रभाव ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। भले ही आप खिलाड़ी के तौर पर अब न खेलें, लेकिन क्रिकेट पर आपका प्रभाव बना रहेगा। सीएसके के साथ आपकी इस नई भूमिका के लिए आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

सीएसके के पूर्व साथी खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने फ्रेंचाइजी की जर्सी में धोनी की तस्वीरें साझा कीं और अपने पूर्व कप्तान को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। ब्रावो ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “धन्यवाद, कप्तान! महेंद्र सिंह धोनी आपकी विरासत हमेशा कायम रहेगी! जल्द मिलते हैं, मेरे भाई।”