SGSU Advertisement
Home राजनीति चाहे जितना दम लगा लें, सरकार को राहुल गांधी हिला भी नहीं...

चाहे जितना दम लगा लें, सरकार को राहुल गांधी हिला भी नहीं पाएंगे : गौरव भाटिया

0
4

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

गौरव भाटिया ने कहा, “अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में राहुल गांधी की ओर से देश को बदनाम करने वाला बयान दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई बुलंदियों को छू रहा है। चाहे लोकतंत्र की आंतरिक ताकत, अर्थव्यवस्था, युवा, विश्व पटल पर भारत की साख की बात हो, बिल्कुल स्पष्टता से इसको लेकर बात करूंगा। हम लोग बार-बार दिखाते हैं कि कैसे अराजकता के प्रतीक, देश से नफरत करने वाले राहुल गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं तो उनकी ओर से झूठे बयान दिए जाते हैं।”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की एक ही मंशा होती है कि देश की प्रगति पर ठेस लगे। राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, यह हर किसी को पता है। हालांकि जब नेता प्रतिपक्ष होते हुए राहुल गांधी विदेशी धरती पर जहरीले बोल बोलते हैं तो इससे समझ आता है कि वे भारत विरोधी हैं। संसद सत्र होने से पहले राहुल गांधी विदेशी धरती पर जरूर जाते हैं। क्या वे अपने विदेशी आकाओं से मार्गदर्शन लेने जाते हैं? देश में 12 वर्ष से एक स्थिर सरकार है, वे चाहते हैं कि स्थिरता नष्ट हो जाए।”

गौरव भाटिया ने कहा, “राहुल गांधी भारत के इकलौते ऐसे नेता होंगे, जिनको लगता है कि देश आर्थिक आपदा पर बैठा है। यूपीए सरकार के तीन अवगुण थे। महंगाई डबल डिजिट में बढ़ती थी। नीतिगत फैसले लेने में लकवा मार जाता था। फाइलों का निपटारा तब तक नहीं होता था, जब तक कि रिश्वत नहीं मिल जाती थी। यूपीए के शासनकाल में टूजी, कोलगेट, सीडब्ल्यूजी जैसे घोटाले ही घोटाले होते थे।”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने जो कहा है, इसके संदर्भ को समझने की जरूरत है। राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि देश के युवाओं का भविष्य उज्ज्वल है। देश का भी भविष्य उज्ज्वल है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि चुनौतियों को हराकर भारत के लिए उज्ज्वल भविष्य गढ़ना ही हमारा मकसद और प्रतिबद्धता है। 2047 तक विकसित भारत का बड़ा लक्ष्य हम लोगों ने अपने लिए निर्धारित किया है।”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी झुठ बोलते हैं और देश को बदनाम करते हैं। देश की अर्थव्यवस्था पर वे चोट करते हैं। ये सभी आराकता की टूल किट हैं। जितना दम हो राहुल गांधी लगा लें, देश का लोकतंत्र मजबूत है। देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्थिर व मजबूत सरकार है। यह सरकार ‘अंगद की पांव’ है। इस सरकार को राहुल गांधी हिला नहीं पाएंगे।”