जालंधर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में पूरी तरह से जंगलराज चल रहा है। यहां पुलिसकर्मी तक सुरक्षित नहीं हैं।
भाजपा नेता सुनील कुमार जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हर वर्ग इस सरकार से परेशान है। पंजाब में इंडस्ट्री का पलायन, लोगों पर पुलिस की ज्यादतियां, बेरोजगारी, नशा, भ्रष्टाचार और गैंगस्टर जैसे कई मुद्दे हैं।”
उन्होंने कहा कि भाजपा आरोप-पत्र तैयार करने जा रही है, जिसके लिए हम सब आज यहां इकट्ठा हुए हैं। वह सिर्फ एक आरोप-पत्र तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों के पास जाकर हमारे कार्यकर्ता उनकी शिकायतें सुनेंगे। जिन्होंने पंजाब को बर्बाद किया है, लोगों से धोखा किया है और पुलिस का दुरुपयोग किया है, उन सभी के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे। हम उन सभी से जवाबदेही की मांग करेंगे और सजा भी मिलेगी।
भाजपा नेता एचएस फुल्का ने आईएएनएस से कहा कि पंजाब में जंगलराज की स्थिति है। यहां पुलिसकर्मी तक सुरक्षित नहीं हैं। जगह-जगह फिरौती के कॉल आ रहे हैं और जगह-जगह लूटमार हो रही है। पंजाब में पूरी तरह से जंगलराज चल रहा है।
भाजपा नेता मनोरंजन कालिया ने कहा कि पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, यहां कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। हालात यह है कि यहां ‘गैंगस्टरवाद’ शुरू हो चुकी है। इसका कारण यह है कि मुख्यमंत्री स्वयं पूर्व गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों को पार्टी में शामिल कर सकते हैं तो इससे दूसरे गैंगस्टरों के भी हौसले बढ़े हैं।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जालंधर दौरे पर उन्होंने कहा, “यह ‘समरसता संकल्प यात्रा’ है। यह यात्रा 2800 के सफर के बाद काशी में जाकर संपन्न होगी। यह गुरु रविदास जी महाराज के संदेश का प्रसारित करने का प्रयास है।”
भाजपा के प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के जालंधर दौरे का जिक्र करते हुए कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने के लिए जालंधर आ रहे हैं। नितिन नवीन पंजाब की इस पवित्र भूमि से प्रार्थना करेंगे कि राज्य को ‘आप’ के कुशासन और गलत नीतियों से बचाया जाए, जिनके कारण पंजाब आज नशीले पदार्थों, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के अंधेरे में धंस गया है।”
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन गुरु रविदास महाराज जी से प्रार्थना करेंगे कि पंजाब का खोया हुआ गौरव वापस लौटे और यह राज्य पूरे भारत में फिर से नंबर एक के स्थान पर आ जाए।”


