SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुंबई के कांदिवली में 27 अवैध निर्माण ध्वस्त, 15 साल से अटकी...

मुंबई के कांदिवली में 27 अवैध निर्माण ध्वस्त, 15 साल से अटकी सड़क चौड़ीकरण की राह खुली

0
1

मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के कांदिवली पश्चिम में सड़क चौड़ीकरण की 15 साल पुरानी बाधा आखिरकार दूर हो गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आर-साउथ वार्ड ने मथुरादास रोड और एसवी रोड जंक्शन पर 27 व्यावसायिक ढांचों को ध्वस्त कर दिया। इससे वर्ष 2011 से अटका सड़क चौड़ीकरण का काम आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।

यहां करीब 110 मीटर लंबे हिस्से में सड़क चौड़ीकरण का काम लंबे समय से लंबित था। इसके चलते इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।

सिविक अधिकारियों के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण की प्रस्तावित योजना के तहत दुकानदारों को अपनी संपत्तियों के कुछ हिस्से देने थे। शुरुआत में दुकान मालिक इसके लिए तैयार नहीं थे, जिसके कारण परियोजना वर्षों तक अटकी रही। हालांकि, प्रभावित दुकानदारों के साथ कई दौर की बातचीत और समझौते के बाद प्रशासन उनकी सहमति लेने में सफल रहा।

समझौते के तहत दुकानदारों की संपत्तियों का वह हिस्सा, जो सड़क चौड़ीकरण की निर्धारित सीमा में आता है, महानगरपालिका को सौंपा जाएगा। वहीं, दुकान मालिक अपनी संपत्तियों के पीछे उपलब्ध शेष जगह में दुकानों का पुनर्निर्माण कर सकेंगे।

व्यावसायिक ढांचे हटाए जाने के बाद अब बीएमसी सड़क चौड़ीकरण का लंबित काम आगे बढ़ा सकेगी। इस परियोजना से एसवी रोड पर यातायात का प्रवाह बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। खासतौर पर कांदिवली रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को इससे राहत मिल सकती है।

इस बीच, पुणे महानगरपालिका (पीएमसी) ने भी शहर के अलग-अलग इलाकों में अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। महानगरपालिका ने कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण और जब्ती की कार्रवाई की है। मंगलवार को पीएमसी के अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण हटाने वाले विभाग ने शिवाजीनगर, फर्ग्यूसन कॉलेज रोड, मंत्रा सोसाइटी और हडपसर-मांजरी क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले केशवनगर इलाके में अभियान चलाया।

इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान करीब 24,500 वर्ग फुट क्षेत्र में फैले अस्थायी और स्थायी अनधिकृत ढांचों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई अतिक्रमण हटाने और बिना जरूरी अनुमति के बनाए गए निर्माणों को हटाने के उद्देश्य से की गई। इसके अलावा, महानगरपालिका की टीमों ने प्रभावित इलाकों से कई अनधिकृत व्यावसायिक स्टॉल, हाथगाड़ियां, चादरें और अन्य सामान भी जब्त किए।