मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता पंकज त्रिपाठी लोकप्रिय क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘मिर्जापुर’ में कालीन भैया के किरदार से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। पर्दे पर उनका यह किरदार जितना खौफनाक और ताकतवर नजर आता है, असल में उसे निभाना पंकज के लिए उतना ही सहज है।
इस किरदार को लेकर अभिनेता के मन में एक सवाल है कि आखिर कालीन भैया में पढ़ी-लिखी महिलाएं, यहां तक कि रिसर्च स्कॉलर्स और पीएचडी करने वाली महिलाएं भी ऐसा क्या देखती हैं, जो उनकी फैन बन जाती हैं।
आईएएनएस से बातचीत में पंकज ने बताया कि कालीन भैया का किरदार निभाने में उन्हें किसी तरह की खास मुश्किल नहीं होती। वह इस किरदार के स्वभाव और उसके तौर-तरीकों से पहले से ही परिचित हैं।
उन्होंने कहा, ”कालीन भैया का किरदार निभाने के कोई खास फायदे या नुकसान नहीं हैं। यह मेरे लिए बहुत स्वाभाविक है, क्योंकि मैं पूर्वांचल से हूं। मैंने ऐसे लोगों को देखा है और उनसे मिला हूं। किरदार के लिए हमने जो दूसरी विशेषताएं तैयार की हैं, उनसे भी मैं परिचित हूं।”
पंकज ने बताया, ”शूटिंग के दौरान कभी-कभी मैं कुछ बातें भूल जाता हूं, ऐसे में निर्देशक गुरमीत सिंह मुझे किरदार के स्वभाव और उसके अंदाज को लेकर याद दिलाते रहते हैं। इसके अलावा इस किरदार को निभाने में मुझे कोई खास परेशानी नहीं हुई। कालीन भैया का सबसे बड़ा फायदा मुझे इस किरदार से मिली लोकप्रियता के रूप में मिला है। अब लोग मुझे मेरे असली नाम से ज्यादा कालीन भैया के नाम से पहचानते हैं। एयरपोर्ट हो या कोई दूसरी जगह, लोग देखते ही कालीन भैया कहकर बुलाने लगते हैं। हालांकि, मुझे सबसे ज्यादा हैरानी इस किरदार की महिला फैन फॉलोइंग देखकर होती है।”
अभिनेता ने कहा, ”जब भी मैं कालीन भैया की महिला फैंस से मिलता हूं तो सोचता हूं कि आखिर उन्हें इस आदमी में ऐसा क्या आकर्षक लगता है? वह तो अपनी पत्नी के सामने दब्बू बनकर रहता है, और हैरानी की बात यह है कि महिलाओं को उसकी यह बात भी पसंद आती है। इन महिला फैंस में सिर्फ आम महिलाएं ही नहीं, बल्कि काफी पढ़ी-लिखी महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें रिसर्च स्कॉलर्स और पीएचडी करने वाली महिलाएं भी हैं। कभी-कभी तो मुझे लगता है कि इनका दिमाग पूरी तरह खराब हो गया है।”
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की ओर से प्रस्तुत इस फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के सहयोग से बनाया गया है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने इसे प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी सह-निर्माता हैं।


