चंडीगढ़, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई ने राज्य चुनाव समिति का गठन किया है। इस समिति में प्रदेश अध्यक्ष सहित नौ वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष को पदेन सदस्य बनाया गया है, जबकि चंडीगढ़ के भाजपा प्रभारी महेंद्र पांडेय को विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है।
यह घोषणा 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सहमति से की गई है।
भाजपा चंडीगढ़ की ओर से घोषित राज्य चुनाव समिति में प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) मंथरी श्रीनिवासुलु, पूर्व सांसद किरण खेर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन और अरुण सूद को शामिल किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, प्रदेश उपाध्यक्ष राज किशोर और भारत कुमार तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं खादी बोर्ड के अध्यक्ष दीदार सिंह भी समिति के सदस्य होंगे।
समिति में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। वहीं, भाजपा के चंडीगढ़ प्रभारी महेंद्र पांडेय को विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी घोषणा के अनुसार, इस समिति के गठन के साथ चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों के लिए वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया है।
इधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पंजाब के जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जालंधर से काशी तक निकलने वाली यह यात्रा 2,500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी और सात राज्यों के 47 शहरों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, भक्ति, प्रेम और मानवता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।


