ताडेपल्ली (आंध्र प्रदेश), 18 नवंबर (आईएएनएस)। ‘ऑल इंडिया कास्ट सेंसस कोऑर्डिनेशन कमेटी’ ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी को 28 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाले अपने विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
अखिल भारतीय जाति जनगणना समन्वय समिति के सदस्यों ने ताडेपल्ली में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में उनसे मुलाकात की और उन्हें ‘चलो रामलीला मैदान’ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने बैकवर्ड क्लास और ओबीसी के आरक्षण अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जाति जनगणना की मांग की और उनसे समर्थन और व्यक्तिगत भागीदारी का आग्रह किया। वाई.एस. जगन ने उनके अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
देश भर के विभिन्न ओबीसी संगठनों और नागरिक समाज समूहों के गठबंधन ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह 2027 की जनगणना में जाति की गिनती के अपने तौर-तरीकों पर पुनर्विचार करे, ताकि एक व्यापक और सटीक जाति जनगणना सुनिश्चित की जा सके।
इस प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर सूरज मंडल (मंडल आयोग के पूर्व अध्यक्ष बी. पी. मंडल के पोते), ‘ऑल इंडिया ओबीसी स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गौड़ किरण कुमार, ‘सकल ओबीसी महामोर्चा’ के अध्यक्ष उमेश कुर्रम, डॉ. पिट्टी मल्लिकार्जुन यादव, और नेता राकेश दत्ता, पेंडेम जयंती यादव, और रजनीकांत गौड़ शामिल थे।
मीडिया से बातचीत में प्रोफेसर सूरज मंडल ने मांग की कि राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी के लिए एक अलग कॉलम और जाति-वार ड्रॉपडाउन मेन्यू होने चाहिए, ताकि सटीक गिनती हो सके और आरक्षण का लाभ समान रूप से मिल सके। बैकवर्ड क्लास के व्यापक आंकड़ों के अभाव के कारण ही आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने स्थानीय निकाय चुनावों में आरक्षण बढ़ाने की अनुमति नहीं दी थी।
डॉ. गौड़ किरण कुमार ने बताया कि इस समिति ने देशभर के 60 ओबीसी संगठनों को साथ जोड़ा है। इनमें मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु के समूह शामिल हैं, जो कश्मीर से लेकर केरल तक के समुदायों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने मांग की कि एससी और एसटी की तरह ही, ओबीसी समुदायों की भी एक व्यापक जाति जनगणना के जरिए गिनती की जानी चाहिए, जिसमें उनकी सामाजिक स्थितियों को भी ठीक से दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि समिति समर्थन पाने के लिए एनडीए से बाहर के राजनीतिक दलों से संपर्क कर रही है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को चुनौती देने और अदालतों में बैकवर्ड क्लास आरक्षण अधिकारों का बचाव करने के लिए जाति-वार विश्वसनीय आंकड़े होना बहुत जरूरी है।


