मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने बुधवार को सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस किताब में अपमानजनक बातें लिखी गई हैं और सावरकर को ‘माफीवीर’ बताया गया है।
डिप्टी सीएम ने शिवसेना-यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने सवाल किया कि जो लोग खुद को हिंदुत्ववादी कहते हैं, वे उन लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कैसे बैठ सकते हैं जो बार-बार सावरकर का अपमान करते हैं। सावरकर ने इस देश के लिए जो किया है, वह सब जानते हैं। क्या उनका बार-बार अपमान करना बौद्धिक दिवालियापन नहीं है? जो लोग खुद को ‘हिंदुत्ववादी’ कहते हैं, वे ‘सावरकर-विरोधी’ पन्नों के खिलाफ निंदा का एक शब्द भी नहीं बोलते, बल्कि जाकर उन्हें गले लगाते हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के प्रवक्ताओं ने सोनिया गांधी की किताब के कुछ पन्ने फाड़ दिए थे, जिसमें स्वातंत्र्यवीर सावरकर के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक बातें लिखी गई थीं। इस घटना के बाद राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया।
इस घटना पर शिवसेना-यूबीटी और महाविकास अघाड़ी (एमवीए) ने तीखी प्रतिक्रिया दी और नाराजगी जताई। उन्होंने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट पर बालासाहेब ठाकरे का अपमान करने का आरोप लगाया।
इस विरोध के बाद, उपमुख्यमंत्री शिंदे ने शाइना एनसी को बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा और फिर मीडिया के सामने आकर पार्टी का रुख साफ किया।
तस्वीर फाड़े जाने से जुड़े विवाद पर बोलते हुए, एकनाथ शिंदे ने कहा कि हर शिव सैनिक के लिए बालासाहेब ठाकरे देवता के समान हैं और पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता उनके अपमान की कल्पना भी नहीं कर सकता।
शाइना एनसी से जुड़ी घटना पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने उस तस्वीर के बारे में स्पष्टीकरण दिया है। उस तस्वीर में बालासाहेब, मणिशंकर अय्यर को चप्पल मारते हुए दिख रहे हैं। मैंने वह फोटो देखी, उसमें मणिशंकर अय्यर का चेहरा फटा था, बालासाहेब का नहीं। शाइना एनसी या कोई भी शिव सैनिक बालासाहेब का अपमान कभी नहीं कर सकता, क्योंकि वे हमारे देवता हैं और हम उनकी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि जनता सब जानती है। लोगों ने विपक्ष को तीन बार नकारा है और बाहर का रास्ता दिखाया है। तस्वीरों को लेकर राजनीति करने के बजाय, उन्हें सूखे से प्रभावित किसानों की मदद करनी चाहिए।
इसी बीच, शिंदे ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के विदेशी दौरे के दौरान अर्थव्यवस्था पर दिए बयान पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और पीएम मोदी की लोकप्रियता उनसे बर्दाश्त नहीं हो रही है। राहुल गांधी के पेट में दर्द हो रहा है। राहुल गांधी विदेश जाकर देश का अपमान करते हैं। तेलंगाना के हैदराबाद में हाल ही में हुए एक सम्मेलन में भी उन्होंने प्रधानमंत्री और देश का अपमान किया। यह कैसी देशभक्ति है? विपक्ष के नेता होने के बावजूद, वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस तरह की बातें करते हैं। वे कहते हैं कि देश आर्थिक तबाही की ओर बढ़ रहा है। राहुल गांधी ऐसा कैसे कह सकते हैं? क्या उन्हें विदेश जाकर भारत का अपमान करने में मजा आता है।
डिप्टी सीएम ने उनके बयानों को पाकिस्तान से जोड़ते हुए कहा कि जब भी राहुल गांधी विदेशों में भारत के खिलाफ बोलते हैं तो पाकिस्तान की मीडिया में हेडलाइन बनती है। 2014 से पहले कितने घोटाले हुए, सीरियल बम ब्लास्ट हुए, तब वे कहां थे। 2014 के बाद हमारी अर्थव्यवस्था चौथे नंबर पर है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है, आत्मनिर्भर बन रहा है। कई देशों ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च पुरस्कार दिया है।


