नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोकप्रिय वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6’ (जीटीए 6) से प्रेरित एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने कई क्षेत्रों में भारत के बदलावों को रेखांकित किया और ‘जीटीवी 5’ तथा ‘जीटीए 6’ के रिलीज होने के बीच के समय में देश की प्रगति की तुलना की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री ने कई स्लाइड्स साझा कीं, जिनमें पिछले कुछ वर्षों में भारत की उपलब्धियों को दिखाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने संदेश दिया, “भारत अब एक बिल्कुल अलग स्तर पर खेल रहा है।”
पहली स्लाइड में भारत के आर्थिक बदलाव को दिखाया गया है। इसमें बताया गया है कि कैसे भारत जो कभी ‘फ्रैजाइल फाइव’ (कमजोर अर्थव्यवस्थाओं) में गिना जाता था, आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है।
दूसरी स्लाइड में अत्यधिक गरीबी में 27 प्रतिशत की कमी को दर्शाया गया है जबकि तीसरी स्लाइड में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की प्रगति दिखाई गई है, जिसके तहत स्वच्छता कवरेज 39 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत हो गया है।
एक अन्य स्लाइड में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की प्रगति को दिखाया गया है, जिसमें सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट हो गई है।
प्रधानमंत्री ने भारत के स्पेस स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास पर भी प्रकाश डाला, जो केवल एक स्टार्टअप से बढ़कर 440 स्टार्टअप तक पहुंच गया है। एक और स्लाइड में देश में बिजली पहुंचाने की प्रगति को दिखाया गया है, जहां कवरेज 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत हो गया है।
देश के डिजिटल बदलाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इंटरनेट की कीमतें काफी कम हो गई हैं। 308 रुपये प्रति जीबी से घटकर अब मात्र 7.51 रुपये प्रति जीबी रह गई हैं।
इस पोस्ट में वैश्विक रक्षा बाजार में भारत की बदलती स्थिति को भी दिखाया गया है। भारत, जो कभी रक्षा उपकरणों का एक बड़ा आयातक था, अब 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। आखिरी स्लाइड में प्रधानमंत्री ने बताया कि नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 182 से घटकर शून्य हो गई है।
इस बीच, ‘रॉकस्टार गेम्स’ द्वारा विकसित जीटीए 6 ने गेमिंग के शौकीनों के बीच काफी उत्साह पैदा कर दिया है। इस नए गेम में खिलाड़ी वापस ‘वाइस सिटी’ और काल्पनिक राज्य ‘लियोनिडा’ की अन्य जगहों पर पहुंचते हैं। इसमें मुख्य किरदार जेसन डुवल और लूसिया कैमिनोस हैं, जो खुद को अपराध से भरी दुनिया में फंसा हुआ पाते हैं।
न्यूजीलैंड उन शुरुआती देशों में से एक था जहां खिलाड़ी इस गेम को खेल सकते थे। आधी रात के करीब आते ही, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर डाउनलोड में होने वाली भारी बढ़ोतरी के लिए तैयार थे। लाखों गेमिंग प्रेमियों के लिए कई सालों के इंतजार के बाद इस गेम का रिलीज होना एक बहुत बड़ा पल है।


