हैदराबाद, 19 नवंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य 2047 तक तेलंगाना को 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में बदलना है।
85वें इंडियन रोड कांग्रेस (आईआरसी) के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना को 2034 तक 200 अरब डॉलर से 1 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए तीन अलग-अलग आर्थिक क्षेत्र (इकोनॉमिक जोन) तैयार किए गए हैं।
सीयूआरई, पीयूआरई और आरएआरई क्षेत्रों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि आउटर रिंग रोड (ओआरआर) के भीतर का सीयूआरई क्षेत्र सर्विस सेक्टर के विकास के लिए है; ओआरआर और आरआरआर (रीजनल रिंग रोड) के बीच स्थित पीयूआरई क्षेत्र मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का केंद्र होगा; और आरआरआर के बाहर का आरएआरई क्षेत्र कृषि और कृषि-आधारित उद्योगों का केंद्र होगा।
राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई सड़क विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि ‘इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट 2026’; जो 7 से 9 दिसंबर तक ‘भारत फ्यूचर सिटी’ में आयोजित होने वाली है; बड़े पैमाने पर घरेलू और वैश्विक निवेश को आकर्षित करके मजबूत विकास की नींव रखेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग, और रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) के क्षेत्रों में भारी निवेश आकर्षित करने के लिए इस ग्लोबल समिट का आयोजन कर रही है। उन्होंने आईआरसी के प्रतिनिधियों को इस समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जोर देकर कहा कि देश के हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए, राजनीतिक बयानबाजी को केवल चुनावों तक ही सीमित रखना चाहिए।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हैदराबाद के एचआईटीईएक्स एग्जीबिशन सेंटर में आईआरसी का उद्घाटन किया।
चार दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में भारत और विदेशों से 3,500 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें हाईवे इंजीनियर, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, ठेकेदार और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क, सड़क और भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
आईआरसी के हिस्से के रूप में आयोजित एक तकनीकी प्रदर्शनी में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 400 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां सड़क निर्माण की आधुनिक मशीनें, उन्नत उपकरण और बुनियादी ढांचे से जुड़ी तकनीकें प्रदर्शित की गई हैं।









