SGSU Advertisement
Home राजनीति गोरखपुर की घटना पर सपा सांसद बोले- ‘हादसे का रथ यात्रा से...

गोरखपुर की घटना पर सपा सांसद बोले- ‘हादसे का रथ यात्रा से कोई लेना-देना नहीं, मुख्यमंत्री कर रहे छोटी राजनीति’

0
1

लखनऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदों ने गोरखपुर में कथित तौर पर बुलडोजर की टक्कर से बच्चे की मौत को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर छोटी राजनीति करने का आरोप लगाया। सपा सांसदों ने कहा कि सीसीटीवी तस्वीरों से साफ है कि बच्चे के साथ हुए हादसे का अखिलेश यादव की रथ यात्रा या समाजवादी पार्टी के किसी कार्यक्रम से लेना-देना नहीं है।

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, “आज सीसीटीवी और अन्य तकनीक के दौर में कोई चाहकर भी झूठ नहीं बोल सकता है। जब सीसीटीवी फुटेज से यह साफ है कि बच्चे के साथ हुए हादसे का हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) की रथ यात्रा या समाजवादी पार्टी के किसी कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं है।”

उन्होंने बच्चे की मौत पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश एक बहुत बड़ा राज्य है और जहां कई समस्याएं हैं। आप भले ही एक ऊंचे पद पर पहुंच गए हों, लेकिन आप बहुत ही छोटी राजनीति कर रहे हैं। आपको ऐसी सस्ती और छोटी राजनीति नहीं करनी चाहिए।”

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “किसी की मृत्यु पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। मामले में मुख्यमंत्री का जिस तरह का आचरण रहा है, वह अच्छा नहीं है। मृत्यु पर संवेदना व्यक्त करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में अखिलेश यादव की रैली ऐतिहासिक थी। वह रैली नहीं, बल्कि बदलाव की आंधी थी। उससे राज्य के मुख्यमंत्री घबरा गए हैं और इस तरह का बयान दिया है। हालांकि, इस तरह की टिप्पणियां करना एक मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता है।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में बच्चे की मौत के बाद उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को हत्या बताया। मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार की हृदयविदारक घटना के संबंध में कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया के कृत्यों और उनके गुंडों की इस हरकत से ‘शर्म भी शर्मसार’ हो रही है। इन लोगों को इस प्रकार की कायराना हरकतों से शर्म नहीं आती है। सीएम योगी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है।