SGSU Advertisement
Home राजनीति ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन का सपा पर नहीं पड़ेगा असर, शिवपाल यादव बोले-...

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन का सपा पर नहीं पड़ेगा असर, शिवपाल यादव बोले- पार्टी को होगा फायदा

0
1

मऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गठबंधनों, आजम खान की रिहाई और गोरखपुर में एक किशोर की मौत के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन को लेकर कहा कि इसका समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि सपा के वोट कहीं नहीं जाएंगे, बल्कि इस गठबंधन से पार्टी को फायदा ही होगा। शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ समाज के सभी वर्गों के लोग जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मौजूदा सरकार किसी का भला नहीं कर रही है। किसान, गरीब, नौजवान, छात्र और महिलाएं, किसी भी वर्ग के हित में सरकार काम नहीं कर रही है। यह सरकार केवल झूठ बोलती है और भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने सरकारी बजट को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बजट की राशि का इस्तेमाल जनता के हित में करने के बजाय उसे लूटा जा रहा है। समाजवादी पार्टी के साथ सभी वर्गों के लोग हैं और किसी दूसरे गठबंधन से पार्टी के जनाधार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई पर शिवपाल यादव ने कहा कि अब आजम साहब बाहर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि आजम खान को काफी परेशानियों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उनसे मिलने जाने वाले लोगों को भी कई तरह की दिक्कतें हुईं। हालांकि, पार्टी को न्यायपालिका पर भरोसा था और अदालत ने उन्हें न्याय दिया है। विधानसभा चुनाव में आजम खान को कोई बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के बड़े नेता हैं और आगे भी पार्टी में उनकी अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी की पूरी तरह से मदद करेंगे।

गोरखपुर में एक किशोर की मौत के मामले में भाजपा की ओर से समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराए जाने पर भी शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में इतनी चिंतित थी, तो उसे पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देनी चाहिए थी। इसके साथ ही परिवार के किसी सदस्य को नौकरी देने की घोषणा भी करनी चाहिए थी। उन्होंने सवाल उठाया कि केवल आरोप लगाने से क्या होगा, सरकार को पीड़ित परिवार की मदद के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए थे।

विपक्षी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि इस संबंध में दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष जल्द ही निर्णय लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे पर फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर होगा। वहीं, एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन को लेकर उन्होंने दोहराया कि इससे समाजवादी पार्टी को नुकसान नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि सपा का वोट बैंक कायम रहेगा और पार्टी को इसका लाभ मिल सकता है।