SGSU Advertisement
Home खेल महज 26 रनों पर सिमटी नेपाल की टीम, भारत-ए ने धमाकेदार जीत...

महज 26 रनों पर सिमटी नेपाल की टीम, भारत-ए ने धमाकेदार जीत के साथ किया एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आगाज

0
3

दोहा, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आगाज भारत-ए ने धमाकेदार जीत के साथ किया है। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने नेपाल को 306 रनों से रौंदा।

भारत-ए से मिले 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की पूरी टीम सिर्फ 26 रन बनाकर ऑलआउट हुई। भारतीय गेंदबाजों के आगे नेपाल के बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए। टीम का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर नहीं खेल सका। नेपाल का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका।

टीम के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। भारत की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 5 ओवर में 6 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने 6 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।

इससे पहले, भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 332 रन लगाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आयुष बदोनी भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वैभव सूर्यवंशी 32 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। 42 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही भारतीय टीम की पारी को तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 191 गेंदों में 206 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई।

कप्तान तिलक ने 113 गेंदों का सामना करते हुए 107 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, कुमार कुशाग्र ने 102 गेंदों में 117 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के लगाए। रिंकू सिंह ने 9 रन बनाए, तो शहबाज अहमद 8 रन बनाकर आउट हुए।

अंत के ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 14 गेंदों में 36 रनों की आतिशी पारी खेली। नेपाल की ओर से गेंदबाजी में संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी ने तीन-तीन विकेट झटके।