नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर और शासन पर लिखी गई किताब ‘कुछ कही, कुछ अनकही’ इन दिनों चर्चा में है। इस किताब के लेखक अमिताभ सिन्हा ने दिल्ली में किताब के बारे में बात की और बताया कि यह किताब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को करीब से देखने का एक अनुभव है।
लेखक ने इस किताब में पार्टी के महासचिव रहने के दिनों से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल तक के अपने अनुभवों को साझा किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 साल में उन्होंने प्रधानमंत्री की रोजमर्रा की योजनाओं, उनके काम करने के तरीके और बड़े फैसले लेने की शैली को बहुत करीब से देखा है।
अमिताभ सिन्हा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “उनके बारे में एक बात है जिसे आपको हमेशा याद रखना चाहिए, किसी भी चीज को एक एजेंडा न बनाएं। अगर वह कुछ अच्छा कर रहे हैं तो उसकी तारीफ करें। नकारात्मकता न लाएं। हमने कभी नकारात्मकता नहीं फैलाई। हमने हमेशा अच्छी चीजों को अच्छा और गलत चीजों को गलत कहा है। शायद यही वजह है कि इतने साल तक हमारा रिश्ता कायम रहा है। आज भी मैं यह किताब लिख पाया हूं, और गृह मंत्री अमित शाह जी ने इसकी प्रस्तावना लिखी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी इसे लॉन्च किया। यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है।”
उन्होंने बताया, “पिछले 25 साल में मैंने उनकी रोजमर्रा की योजनाओं, उनके काम और बड़े फैसले लेने के उनके तरीके को करीब से देखा है। मैं इन सब चीजों के बारे में छोटी-छोटी कहानियां लिखता था और कई बातें अपनी डायरी में दर्ज करता था। अब मैंने अपने उन्हीं अनुभवों को इस किताब में पिरोया है।”
सिन्हा ने कहा कि किताब में कुछ ऐसी छोटी-छोटी घटनाएं हैं, जो दिखाती हैं कि कैसे प्रधानमंत्री ने अपने अनुभवों से सीखा और आगे बढ़े, कैसे उन्होंने योजनाएं बनाईं और उनमें आम जनता को शामिल किया। इसमें उनकी लीक से हटकर सोचने की क्षमता यानी आउट-ऑफ-द-बॉक्स थिंकिंग के बारे में भी बताया गया है।
उन्होंने कहा कि मोदी जब पार्टी संगठन में काम कर रहे थे, तब भी उनका काम करने का तरीका अलग था। वे छोटी से छोटी बात पर ध्यान देते थे, कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते थे और हर काम को एक लक्ष्य के साथ पूरा करते थे। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने शासन में इसी शैली को आगे बढ़ाया और प्रधानमंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर उसका विस्तार किया।









