नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम इंजरी के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
‘क्रिकबज’ की रिपोर्ट के अनुसार, मुशफिकुर ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते वह 23 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। बांग्लादेश राष्ट्रीय टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने बताया, “पहले टेस्ट मैच के दौरान मुशफिकुर ने बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से (ग्रोइन क्षेत्र) में तेज दर्द की शिकायत की थी। टेस्ट के बाद उनका एमआरआई स्कैन कराया गया, जिसके नतीजों से पेल्विक हड्डी के आसपास सूजन और जलन की पुष्टि हुई है। तनाव की प्रतिक्रिया को संभालने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए उन्हें तुरंत आराम और विशेष पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) की जरूरत है, इसलिए वह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।”
बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। जोहान्सबर्ग के द वांडर्स स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में बांग्लादेश ने 400 रन बनाए थे, जो टीम का साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। टीम की ओर से तौहीद हिरदॉय और लिटन दास ने शतकीय पारी खेली थी। हिरदॉय ने 137 और लिटन ने 120 रन बनाए।
हालांकि, इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 557 रन बनाकर 157 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी। साउथ अफ्रीका के लिए मार्क्वेस एकरमैन ने 157 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि रयान रिकेल्टन ने 102 रन बनाए थे। दूसरी पारी में बांग्लादेश के बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा और पूरी टीम महज 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और उन्होंने मेहमान टीम के सामने सिर्फ 12 रनों का लक्ष्य रखा। साउथ अफ्रीका ने इस लक्ष्य को एक विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया था।









