SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय कैलिफोर्निया में बाढ़ और समुद्री लहरों का खतरा बढ़ा, अल नीनो और...

कैलिफोर्निया में बाढ़ और समुद्री लहरों का खतरा बढ़ा, अल नीनो और ऊंचे ज्वार से तटीय इलाकों पर संकट

0
4

लॉस एंजिलिस, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया में रिकॉर्ड दर की बारिश, समुद्र की ऊंची उठती लहरों और कमजोर समुद्री तटबंधों ने खतरे की आशंका बढ़ा दी है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अल नीनो इफेक्ट और असामान्य रूप से ऊंचे समुद्री ज्वार के कारण इस सप्ताह राज्य के तटीय इलाकों में बाढ़, कटाव और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा है।

अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा ने गुरुवार तड़के कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को नए तूफानों को लेकर सतर्क किया। उन्होंने कहा, “बारिश लाने वाला तूफानी सिस्टम बेहद सक्रिय है और एक घंटे में एक इंच (करीब 25.4 मिलीमीटर) से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसी वजह से कई जगहों पर फ्लैश फ्लड आने की चेतावनी जारी की गई है।”

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सुपर अल नीनो के प्रभाव से वायुमंडलीय नमी के एक शक्तिशाली प्रवाह के कारण बुधवार को सैन फ्रांसिस्को में बाढ़ जैसे हालात बन गए। शहर में एक ही दिन में 2.64 इंच बारिश दर्ज की गई, जिसने इस तारीख के लिए सौ साल से भी पुराने बारिश के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

बारिश के कारण कई इमारतों में पानी भर गया और बे एरिया के प्रमुख राजमार्गों पर वाहन पानी में फंस गए। बुधवार दोपहर तक 51 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं की आपूर्ति भी बाधित हो गई।

‘अल नीनो’ एक ऐसा मौसमी पैटर्न है जिसमें उष्णकटिबंधीय प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से अधिक गर्म हो जाता है। इसके कारण कैलिफोर्निया में ज्यादा बारिश और तूफान आ सकते हैं। यह यूएस के पश्चिमी तट पर समुद्र के जलस्तर को कुछ समय के लिए बढ़ा सकता है, जिससे ऊंची लहरें और ज्वार-भाटा सामान्य से कहीं ज्यादा अंदर तक पहुंच सकते हैं।

गुरुवार को दक्षिणी कैलिफोर्निया के तटों पर बड़ी-बड़ी लहरें टकराती रहीं, जिससे पहले आए तूफानों से हुआ कटाव और नुकसान और भी बढ़ गया। अक्टूबर में, क्रिस्टल कोव स्टेट पार्क के पास पैसिफिक कोस्ट हाईवे के नीचे एक तटीय ढलान में 360 फुट लंबी दरार आ गई थी। इसके चलते ‘कैल्ट्रान्स’ को दोनों दिशाओं में ट्रैफिक को एक-एक लेन तक सीमित करना पड़ा था, ताकि कर्मचारी ढलान को स्थिर करने का काम कर सकें।

मालिबू और लॉस एंजिल्स काउंटी के समुद्र तटों के लिए शुक्रवार सुबह 9 बजे तक ‘हाई सर्फ एडवाइजरी’ (ऊंची लहरों की चेतावनी) जारी है, जिसमें 6 से 9 फुट ऊंची लहरें उठने की आशंका है।

लेकिन, सबसे बुरा दौर आना अभी बाकी हो सकता है।

वैज्ञानिकों का मानना ​​है कि असली चुनौती अगले हफ्ते आएगी, जब रविवार से 27 नवंबर के बीच असामान्य रूप से ऊंचे ‘किंग टाइड्स’ (बहुत ऊंचे ज्वार) आएंगे। इस दौरान बड़ी लहरें उठ सकती हैं और और भी बारिश हो सकती है। सोमवार से, दक्षिणी कैलिफोर्निया के कुछ हिस्सों में तटीय जलस्तर 8 फुट से भी ऊपर जा सकता है।

कैलिफोर्निया कोस्टल कमीशन के अनुसार, इस मौसम के सबसे ऊंचे ज्वार 24-26 नवंबर, 23-25 ​​दिसंबर और 21-22 जनवरी को आएंगे। स्क्रिप्स इंस्टीट्यूशन ऑफ ओशनोग्राफी के ‘सेंटर फॉर क्लाइमेट चेंज इम्पैक्ट्स एंड एडाप्टेशन’ के निदेशक मार्क मेरिफिल्ड ने चेतावनी दी, “कैलिफोर्निया में इस ‘अल नीनो’ के कारण तटीय इलाकों पर तीन तरह के खतरे मंडरा रहे हैं: ऊंची लहरें, भारी बारिश और समुद्र के जलस्तर में बढ़ोतरी।”

‘नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन’ का अनुमान है कि अक्टूबर से दिसंबर के बीच एक बहुत ज्यादा तबाही मचाने वाले अल नीनो आने की आशंका लगभग 60 प्रतिशत है। यह 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से अब तक की सबसे बड़ी घटना हो सकती है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि “यह अब तक की सबसे बड़ी और सबसे तीव्र घटना होने का अनुमान है।”

कैलिफोर्निया अपने तटीय बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए प्रयास तेज कर रहा है। कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम, जिन्होंने 21 सितंबर को पूरे राज्य में आपातकाल की घोषणा की थी, ने 27 अक्टूबर को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत ‘हाइवे 1 टास्क फोर्स’ का गठन किया गया है, जिसका काम तटीय राजमार्ग के संवेदनशील हिस्सों की पहचान करना और बचाव कार्यों में तेजी लाना है।

गवर्नर कार्यालय के अनुसार, 2020 से 2026 के बीच ‘हाइवे 1’ के ‘बिग सुर’ हिस्से में आपातकालीन परियोजनाओं पर कुल 312 मिलियन अमेरिकी डॉलर खर्च किए गए हैं।