SGSU Advertisement
Home राजनीति रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं ने कोटा सड़क हादसे में...

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं ने कोटा सड़क हादसे में हुई मौतों पर जताया दुख

0
3

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के कोटा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है।

राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर रविवार तड़के करीब 2 बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के धुले से आए 9 श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शंभूपुरा गांव के पास उस वक्त हुआ, जब खाटू श्यामजी के दर्शन कर धुले लौट रहे तीन परिवारों में से एक की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही नांता थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी घायलों को तत्काल कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया, “कोटा, राजस्थान में हुए भीषण सड़क हादसे का समाचार अत्यंत दुखद है। इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक्स पर लिखा, “कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के अनेक लोगों के देहावसान का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं, ईश्वर उन्हें इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, “कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने एक्स पर पोस्ट किया, “कोटा-उदयपुर राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस दुःखद हादसे में जान गंवाने वाले सभी दिवंगतों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं।”

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट किया, “कोटा- उदयपुर नेशनल हाईवे – 52 पर शंभूपुरा गांव के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में खाटूश्याम जी के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के कई श्रद्धालुओं की मृत्यु होना बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने एक्स पोस्ट में कहा, “राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुए एक भीषण हादसे में महाराष्ट्र के धुले से आए तीर्थयात्रियों की दुखद मौत अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी तीर्थयात्रियों को भावभीनी श्रद्धांजलि। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, और हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”