SGSU Advertisement
Home राजनीति मुलायम सिंह की जयंती पर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले-शिक्षा व्यवस्था...

मुलायम सिंह की जयंती पर अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले-शिक्षा व्यवस्था बर्बाद की, अच्छे स्कूल बंद कर दिए

0
4

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है और अच्छे स्कूलों को बंद कर दिया। इस दौरान उन्होंने 200 विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल बैग वितरित किए। कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए अभिनव स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हुए।

सपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिन्हें अच्छी चीजें पसंद ही नहीं आतीं। भाजपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित किया है। उन्होंने स्कूलों को बंद किए जाने को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए अखिलेश यादव ने उनके समाजवादी विचारों और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

उन्होंने कहा कि नेताजी के विचार और समाज के कमजोर वर्गों के लिए उनका संघर्ष पार्टी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। धार्मिक आयोजनों और कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।समाजवादी पार्टी रामकथा के खिलाफ नहीं है, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने हमारे और आपके भगवान के खिलाफ क्या विचार रखे हैं, यह भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा, “भाजपा वाले गलत प्रचार कर रहे हैं। सपा रामकथा के खिलाफ नहीं है, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने हमारे और आपके भगवान के खिलाफ क्या विचार रखे…ये देखिए। भाजपा के लोगों ने अपने कार्यक्रम में हनुमान को नचाया था, हम ऐसा कर दें, तब देखिए कि क्या होगा…।”

अखिलेश यादव ने भाजपा के कार्यक्रमों में धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी का कोई नेता भगवान श्रीकृष्ण या भगवान श्रीराम को लेकर इस तरह की टिप्पणी करता तो क्या प्रतिक्रिया होती, इस पर सभी को विचार करना चाहिए। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कैराना सीट पर भाजपा की ओर से घेराबंदी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास पहले भी हुए हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी ही जीत हासिल करेगी।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा को इस बार गोरखपुर तक में हार का सामना करना पड़ेगा और उसे अपने पारंपरिक गढ़ बचाने की चुनौती होगी। सड़क हादसों को लेकर भी सपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने गोरखपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़े हादसे का मुद्दा उठाया, जिसमें तीन लोगों की जान गई थी। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ मुकदमा क्यों नहीं दर्ज किया गया।

अखिलेश यादव ने भाजपा नेताओं और मंत्रियों के काफिलों से जुड़े सड़क हादसों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि देश में एक साल के भीतर सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अखिलेश यादव ने सरकार से सड़क सुरक्षा और वीआईपी काफिलों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर सवाल किए।

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए अखिलेश यादव ने पार्टी संस्थापक के विचारों और विरासत को याद किया। वहीं शिक्षा, धार्मिक आयोजनों, सड़क सुरक्षा और आगामी विधानसभा चुनाव जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम