वाराणसी, 22 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि मौका मिलने पर उनकी पार्टी अग्निवीर जैसी योजना को हमेशा के लिए खत्म कर देगी, पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अजय राय ने अग्निवीर योजना को देश के लिए हितकर नहीं बताया और कहा कि इस योजना को खत्म करके सेना के पुराने गौरव को फिर से स्थापित किया जाना चाहिए।
अजय राय ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जो कोई भी व्यक्ति सेना में जाता है, वह सेना के लिए काम करता है, तो वह निश्चित तौर पर समर्पण के भाव से जाता है। वह नौकरी करने नहीं जाता कि उसे तनख्वाह मिल रही है, बल्कि वह समर्पण के भाव से जाता है और देश के लिए, इस मिट्टी के लिए काम करता है। इसलिए यह योजना खत्म होनी चाहिए और सेना का जो गौरव था, उसे पूरी तरह से फिर से स्थापित किया जाना चाहिए, जो कांग्रेस के समय में बनाई गई व्यवस्था के तहत था।
प्रधानमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में कानून का राज होने के दावे पर पलटवार करते हुए अजय राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र में ही कुछ दिन पहले एक पुलिस के सिपाही ने एक बेटी को ले जाकर उससे दुष्कर्म किया, उसकी हत्या करके उसके शव को नहर में फेंक दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से जरा पूछा जाए कि क्या उन्हें यह मालूम है या नहीं।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में चार साल की बेटी से दुष्कर्म हुआ, जौनपुर में तीन साल की बेटी से दुष्कर्म हुआ, जो निषाद समाज की थी। उन्होंने कहा कि चकिया में भी दुष्कर्म हुआ। उन्होंने सवाल किया कि छोटी-छोटी बच्चियों के साथ यह क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से जंगलराज वाला प्रदेश है और भारतीय जनता पार्टी और योगी ने इसे दुष्कर्मियों का प्रदेश बना दिया है।
ओवैसी और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए अजय राय ने कहा कि ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि गार्ड ऑफ ऑनर क्यों दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे साबित हो रहा है कि भाजपा की सरकार पूरी तरह से ओवैसी की मदद कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार में कोई भागीदार नहीं है, वे विपक्ष की बात कर रहे हैं, भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बोल रहे हैं और वोट बांटने का काम कर रहे हैं। इसके बाद भी ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया है, इस पर सरकार अपना वक्तव्य दे और ओवैसी बताएं कि सरकार उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर क्यों दे रही है।
26 नवंबर को संविधान दिवस पर कांग्रेस द्वारा संविधान बचाओ यात्रा निकाले जाने को लेकर अजय राय ने कहा कि संविधान को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा रहा है। संवैधानिक व्यवस्था के तहत पहले प्रशासन और कार्यपालिका कोर्ट के निर्णय का इंतजार करती थी, लेकिन अब कोर्ट के निर्णय का इंतजार नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अब बुलडोजर चलाकर लोगों के घर गिरा दिए जा रहे हैं, बुलडोजर चलाकर मंदिर गिरा दिए जा रहे हैं, मस्जिद गिरा दिए जा रहे हैं और लोगों को बुलडोजर से कुचला जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यह कौन सा राज्य है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से संविधान को खत्म किया जा रहा है, संविधान को समाप्त किया जा रहा है।
कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताने वाले बयान पर अजय राय ने कहा कि ये लोग पूरी तरह से राजनीतिक बातें बोलते हैं। जो भारतीय जनता पार्टी कहती है, वही धीरेंद्र शास्त्री बोलते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम के मंदिर में चढ़ावा चोरों के बारे में कभी क्यों नहीं बोला। जो लोग भगवान राम के नाम पर आए और भगवान राम का ही पैसा खा गए, उनके खिलाफ कार्रवाई की बात क्यों नहीं की।
उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री राजनीतिक भाषा बोलना बंद करें और सनातन की बात करें। जो लोग भगवान राम के चढ़ावे का पैसा खा गए, माताओं-बहनों के आंचल का पैसा खा गए, उनके खिलाफ भी कुछ बोलें।









