नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय विज्ञान के इतिहास में आचार्य डॉ. जगदीश चंद्र बसु का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाता है। 30 नवंबर 1858 को बंगाल के फरीदपुर में जन्मे बसु भौतिकी, जीवविज्ञान, वनस्पतिविज्ञान और पुरातत्व के गहरे जानकार थे। उन्हें रेडियो विज्ञान का पिता माना जाता है और बंगाली विज्ञानकथा-साहित्य का पिता भी कहा जाता है। वे भारत के पहले वैज्ञानिक शोधकर्ता थे और अमेरिकन पेटेंट प्राप्त करने वाले पहले भारतीय वैज्ञानिक भी थे।
बसु की शिक्षा गांव के एक बांग्ला विद्यालय में शुरू हुई। उनके पिता मानते थे कि अंग्रेजी सीखने से पहले अपनी मातृभाषा अच्छे से आनी चाहिए। बाद में वे कलकत्ता आ गए और सेंट जेवियर स्कूल व कॉलेज में पढ़े। 22 वर्ष की आयु में चिकित्सा की पढ़ाई के लिए लंदन गए, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। इसके बाद वे कैम्ब्रिज के क्राइस्ट कॉलेज गए, जहां भौतिकी के प्रति उनका रुझान बढ़ा।
वर्ष 1885 में स्वदेश लौटकर उन्होंने प्रेसिडेंसी कॉलेज में भौतिकी के सहायक प्राध्यापक के रूप में काम शुरू किया। उस समय भारतीय शिक्षकों को अंग्रेज शिक्षकों की तुलना में एक तिहाई वेतन दिया जाता था। बसु ने इसका विरोध किया और तीन वर्षों तक बिना वेतन के काम किया। इस दौरान उन पर काफी कर्ज हो गया और पुश्तैनी जमीन तक बेचनी पड़ी। चौथे वर्ष उन्हें पूरा वेतन मिला। वे कक्षा में वैज्ञानिक प्रदर्शनों के माध्यम से पढ़ाते थे। उनके ही छात्र सत्येंद्र नाथ बोस आगे चलकर प्रसिद्ध भौतिकशास्त्री बने।
रेडियो की खोज में बसु का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने सबसे पहले रेडियो संदेशों को पकड़ने के लिए अर्धचालकों का प्रयोग किया। उन्होंने माइक्रोवेव तरंगों को मिलीमीटर स्तर तक ला दिया। 1894 में कलकत्ता टाउन हॉल में उन्होंने मिलीमीटर रेंज माइक्रोवेव तरंग का उपयोग कर दूर से बारूद प्रज्वलित किया और घंटी बजाई। उन्होंने बंगाली निबंध ‘अदृश्य आलोक’ में लिखा कि अदृश्य प्रकाश दीवारों के भीतर से जा सकता है, इसलिए बिना तार के संदेश भेजा जा सकता है।
बसु ने अपनी खोजों से व्यावसायिक लाभ उठाने की बजाय उन्हें सार्वजनिक रूप से प्रकाशित कर दिया, ताकि अन्य शोधकर्ता आगे काम कर सकें। यही कारण है कि 1909 में रेडियो के लिए नोबेल पुरस्कार मारकोनी को मिला, जबकि आधारभूत काम बसु ने किया था।
वनस्पति विज्ञान में भी उन्होंने क्रांति ला दी। उन्होंने क्रेस्कोग्राफ नामक यंत्र का आविष्कार किया, जिससे विभिन्न उत्तेजकों के प्रति पौधों की प्रतिक्रिया का अध्ययन किया। उन्होंने सिद्ध किया कि पौधों में उत्तेजना का संचार विद्युत माध्यम से होता है, न कि रासायनिक माध्यम से। उन्होंने दिखाया कि पौधे दर्द महसूस कर सकते हैं, स्नेह अनुभव कर सकते हैं। वनस्पतियों और पशुओं के ऊतकों में काफी समानता है, यह भी उन्होंने सिद्ध किया।
1917 में उन्हें नाइट की उपाधि मिली और वे रॉयल सोसाइटी लंदन के फेलो चुने गए। उन्होंने बोस इंस्टीट्यूट की स्थापना की, जो आज भी विज्ञान शोध का प्रसिद्ध केंद्र है। 23 नवंबर 1937 को इस महान वैज्ञानिक का निधन हुआ, लेकिन उनकी खोजें आज भी वैज्ञानिकों का मार्गदर्शन करती हैं।









