नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मामलों के विशेषज्ञ वाइल अव्वाद ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि हाल के दिनों में ‘बहुध्रुवीय दुनिया’ की चर्चा काफी बढ़ गई है। ब्रिक्स, जी20, एससीओ और एपेक जैसे मंचों पर कई देश इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। भारत भी हाल के वर्षों में खुद को ग्लोबल साउथ की आवाज के रूप में पेश कर रहा है।
विशेषज्ञ वाइल अव्वाद का मानना है कि दुनिया अब एक नई वैश्विक व्यवस्था की ओर बढ़ रही है, जिसमें कई देशों की भूमिका पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा, “हम देख रहे हैं कि चाहे ‘ब्रिक्स’ हो, जी20 हो, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) हो या फिर एपेक शिखर सम्मेलन, हर मंच पर बहुध्रुवीय दुनिया की बात हो रही है। यह साफ संकेत है कि दुनिया एक नए दौर में प्रवेश कर रही है।”
अव्वाद के मुताबिक, बहुध्रुवीय व्यवस्था दुनिया के अधिकांश देशों के लिए ज्यादा फायदेमंद और संतुलित हो सकती है। उन्होंने कहा कि भारत भी हाल के वर्षों में खुद को वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) की आवाज के रूप में पेश कर रहा है।
उन्होंने कहा, “अगर दक्षिणी देशों की आवाज सुनी जाए और वे आपस में बेहतर सहयोग करें, तो यह पूरी दुनिया के लिए अच्छा होगा। आज की व्यवस्था में असंतुलन और अन्याय की कई समस्याएं हैं। मौजूदा सिस्टम कई जगह विफल होता दिख रहा है और ऐसे में एक नई व्यवस्था की जरूरत महसूस हो रही है।”
अव्वाद ने कहा कि दुनिया को किसी तीसरे विश्व युद्ध के रास्ते पर नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “पहले और दूसरे विश्व युद्ध के बाद दुनिया की व्यवस्था बदली थी, लेकिन आज हम तीसरा विश्व युद्ध नहीं झेल सकते। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि आज कई बड़ी शक्तियों के पास परमाणु हथियार हैं। इसलिए जरूरी है कि दुनिया को शांति के साथ नए तरीके से व्यवस्थित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित और बेहतर भविष्य पा सकें।”
भारत-पाकिस्तान के संबंधों पर बाता करते हुए विशेषज्ञ वाइल अव्वाद ने कहा कि दोनों देशों के बीच मतभेद मुख्य रूप से राजनीतिक हैं और इनकी शुरुआत विभाजन के बाद हुई। उन्होंने कहा, “अगर हम भारतीय उपमहाद्वीप की सभ्यता और इतिहास को देखें तो इसकी जड़ें एक ही हैं। लोगों का इतिहास, संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव भी काफी हद तक साझा है। दरअसल, राजनीतिक मतभेदों ने ही इस क्षेत्र के देशों के बीच दूरी पैदा की है।”
उन्होंने कहा कि राजनीतिक संदेशों या राजनीतिक लाभ के लिए चाहे जो बातें कही जाएं, लेकिन भारत अपनी पहचान के साथ रहेगा और पाकिस्तान भी अपने इतिहास से पूरी तरह अलग नहीं हो सकता, क्योंकि विभाजन से पहले दोनों का इतिहास आपस में जुड़ा हुआ था।
अव्वाद के अनुसार, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को फिर से मजबूत करना तनाव कम करने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा, “उपमहाद्वीप के लोगों के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव को मजबूत करने से रिश्तों में सुधार आ सकता है। खासकर उन परिवारों के लिए, जिनके सदस्य भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में अलग-अलग रह गए हैं।”
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास लोगों को एक साझा मंच पर ला सकते हैं, जिससे संघर्ष और युद्ध की संभावनाएं कम होंगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक उम्मीद और बेहतर भविष्य का रास्ता खुलेगा।









