मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा विधायक राम कदम ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी द्वारा एलिफेंटा की गुफाओं में स्थित अर्धनारीश्वर की प्रतिमा की तस्वीर साझा कर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की आलोचना किए जाने पर राम कदम ने उन पर निशाना साधा। वहीं, सोनिया गांधी की किताब में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर और शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के उल्लेख को लेकर उन्होंने उद्धव ठाकरे पर भी सवाल उठाए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता राम कदम ने आईएएनएस से कहा कि अर्धनारीश्वर सनातन हिंदू धर्म और भारतीय दर्शन का अत्यंत गहरा एवं महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी अर्धनारीश्वर के दर्शन और उसके महत्व के बारे में कितना जानते हैं? क्या भारतीय दर्शन के इतने महान और गहरे प्रतीक का इस्तेमाल राजनीतिक आलोचना और तंज कसने के लिए किया जाना चाहिए?
राम कदम ने कहा कि अर्धनारीश्वर केवल कोई तस्वीर या मूर्ति नहीं है बल्कि यह भगवान शिव और शक्ति, चेतना और ऊर्जा तथा स्त्री और पुरुष के बीच एकता और समानता का संदेश देता है। उन्होंने राहुल गांधी की समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने महत्वपूर्ण आध्यात्मिक प्रतीक को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।
वहीं, सोनिया गांधी की किताब में सावरकर और बालासाहेब ठाकरे के कथित उल्लेख को लेकर राम कदम ने उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ बालासाहेब ठाकरे वीर सावरकर का अपमान करने वाले कांग्रेस नेताओं का विरोध करते थे, वहीं दूसरी तरफ उनके बेटे उद्धव ठाकरे सोनिया गांधी की उस किताब को सम्मान देते हैं, जिसमें कथित तौर पर सावरकर का अपमान किया गया है।
राम कदम ने सवाल किया कि सत्ता के लिए उद्धव ठाकरे अपनी विचारधारा से कितना समझौता करेंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ दिया है और उनके विधायक, सांसद तथा पार्षद भी उनसे दूर हो गए हैं। भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे अब असली शिवसेना की विचारधारा से दूर होकर कांग्रेस की शैली वाली राजनीति कर रहे हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘योगी की पाती’ श्रृंखला में मां के प्रति भावनाएं व्यक्त करने वाले खुले पत्र पर भी राम कदम ने प्रतिक्रिया दी। योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में संन्यासी बनने के बाद मां से भिक्षा मांगने से जुड़ी पुरानी याद साझा की थी।
राम कदम ने कहा कि पूरा देश योगी आदित्यनाथ के आध्यात्मिक जुड़ाव, संन्यासी जीवन और त्यागपूर्ण व्यक्तित्व को देख रहा है। उन्होंने कहा कि योगी के जीवन का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू जनसेवा है। मुख्यमंत्री के रूप में वे लगातार प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जनता की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मां को खोने का दर्द वही समझ सकता है, जिसने इस दुख को महसूस किया हो। मां हर व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण स्थान रखती है और उनके बिना दुनिया अधूरी लगती है। किसी भी बेटे के लिए मां के सामने पद और प्रतिष्ठा का कोई महत्व नहीं होता। योगी आदित्यनाथ ने अपने पुराने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि संन्यास की दीक्षा लेने के बाद जब वे घर पहुंचे थे, तब उनकी मां की बातों में उन्हें सांसारिक जीवन में लौटने की इच्छा दिखाई दी थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच अहम बैठक पर भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि नेपाल के साथ भारत के संबंध केवल भौगोलिक नहीं हैं। यह अपने आप में एक आध्यात्मिक विरासत है, जो त्रेता युग से चली आ रही है। अयोध्या में भगवान श्रीराम से लेकर नेपाल के जनकपुर की जानकी तक और काशी के भगवान शिव से लेकर नेपाल के पशुपतिनाथ और मुक्तिनाथ तक, यह एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव की विरासत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमने अपने सभी पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाने के प्रयास जारी रखा है। दोनों देशों के बीच मौजूद यही आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।









