गोवा, 23 नवंबर (आईएएनएस)। गोवा में चल रहे 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के भारतीय पैनोरमा खंड में गैर-फीचर फिल्म श्रेणी के तहत डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘चलो इंडिया एरिकजी विद मिजोरम’ प्रदर्शित हुई है। इसके लिए अभिनेत्री स्नेहिल दीक्षित फिल्म के प्रजेंटर एरिक के साथ महोत्सव में शामिल हुई।
अभिनेत्री ने इफ्फी में आईएएनएस के साथ बातचीत में फिल्म और मिजोरम की खूबसूरती पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “इफ्फी में आना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। मैं आपको फिल्म ‘चलो इंडिया एरिकजी विद मिजोरम’ के प्रजेंटर एरिक जी से मिलवाना चाहती हूं। इनके नजरिए से हम हमारे देश को एक्सप्लोर करेंगे। यह फिल्म मिजोरम की खूबसूरती के बारे में बताएगी।”
फिल्म के बारे में बात करते हुए स्नेहिल दीक्षित ने कहा कि फिल्म भारत के सकारात्मक पक्ष के बारे में बताती है, जो आज के समय में बहुत ज्यादा जरूरी है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हमेशा अच्छाई की जीत होती है, हमारे देश में जितनी ज्यादा अच्छाई है, उसे अब एक्सप्लोर करने की जरूरत है। इस शो के लिए मैं हमारे निर्देशक राजदीप चौधरी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगी जिन्होंने बहुत ही खूबसूरत तरीके से हमारे देश को हमें दिखाया है।”
उन्होंने कहा, “यह अपने आप में ही एक खास और महत्वपूर्ण फिल्म है। हमारे दर्शक जब इसे देखेंगे तो जानेंगे कि यहां कितनी विविधता है। फिर भी हम भावनात्मक तौर पर एक तार से जुड़े हुए हैं। मैं बस यही कहना चाहूंगी कि सभी लोग इस फिल्म को जरूर देखें।”
अभिनेत्री ने बताया कि वह इस फिल्म में क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने कहा, “इस फिल्म में अभिनय नहीं कर रही हूं, बल्कि क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़ी हूं। राजदीप और एरिक की मदद की है। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं इसका हिस्सा हूं।”
राजदीप चौधरी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 48 मिनट की अंग्रेजी डॉक्यूमेंट्री है, जिसमें मिजोरम की ऊंची साक्षरता दर, नागरिक अनुशासन, फुटबॉल के प्रति जुनून, पारंपरिक खान-पान व नृत्य और व्यवसाय व परिवार में महिलाओं की सक्रिय भूमिका को दिखाया गया है। यह फिल्म ब्रिटेन के पूर्व सांसद और इतिहास के शिक्षक एरिक ओलेरेंशॉ की मिजोरम यात्रा पर आधारित है, जो वहां के समाज, इतिहास और रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से देखते हैं।









