SGSU Advertisement
Home राजनीति कर्नाटक ने सूखे से निपटने के लिए 22,400 करोड़ रुपए की मदद...

कर्नाटक ने सूखे से निपटने के लिए 22,400 करोड़ रुपए की मदद मांगी, जी. परमेश्वर ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को फिर लिखा पत्र

0
2

बेंगलुरु, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को फिर से पत्र लिखा है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि 226 तालुकों में पड़े भीषण सूखे से निपटने के लिए राज्य को 22,400 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता दी जाए।

सोमवार को इन तीनों केंद्रीय नेताओं को अलग-अलग पत्र लिखकर उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने सूखे से राहत के लिए राज्य की मांग पर केंद्र की ओर से हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने स्थिति और किसानों की परेशानियों के बारे में व्यक्तिगत रूप से समझाने के लिए मुलाकात का समय मांगा है।

उपमुख्यमंत्री ने 2 नवंबर को भेजे गए अपने पिछले पत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि कर्नाटक हाल के इतिहास के सबसे भीषण सूखे का सामना कर रहा है। राज्य में 57.93 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गई हैं और अनुमानित आर्थिक नुकसान 62,481.88 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) के तहत 22,400.58 करोड़ रुपए की सहायता के लिए एक संशोधित और विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।

डिप्टी सीएम जी. परमेश्वर ने बताया कि फसल बर्बाद होने के कारण लाखों किसान परिवारों की आय का जरिया खत्म हो गया है और उनकी जमा-पूंजी भी खर्च हो चुकी है। कई किसानों के लिए अपना रोजमर्रा का खर्च चलाना, कृषि ऋण चुकाना और अगली फसल के लिए संसाधन जुटाना मुश्किल हो गया है।

राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने अपने संसाधनों से सूखे के लिए राहत राशि की पहली किस्त जारी कर दी है और हर पात्र किसान को कम से कम 5,000 रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने यह तय किया है कि किसानों को केंद्रीय सहायता मिलने का इंतजार न कराया जाए और उन्हें तुरंत राहत दी जाए, हालांकि सूखे की गंभीरता और उससे हुए कृषि नुकसान इतने बड़े हैं कि राज्य सरकार अकेले अपने वित्तीय संसाधनों से इससे नहीं निपट सकती।

उन्होंने कहा कि केंद्र से पर्याप्त मदद न मिलने के कारण हर दिन ग्रामीण परिवारों की मुश्किलें बढ़ रही हैं और उनके लिए आर्थिक स्थिति को फिर से सुधारना और भी कठिन होता जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने केंद्र की प्रतिक्रिया पर निराशा जताते हुए कहा कि कर्नाटक द्वारा उठाई गई कई जायज चिंताओं पर केंद्र सरकार से बार-बार आग्रह करने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि यह बात विशेष रूप से चिंताजनक है कि लाखों किसान परिवारों को प्रभावित करने वाले इस मानवीय संकट को वह प्राथमिकता नहीं मिली, जिसका वह हकदार था।

उन्होंने अपने पत्रों में लिखा, “प्राकृतिक आपदाएं न तो राजनीतिक सीमाओं को मानती हैं और न ही वैचारिक मतभेदों को। इन आपदाओं के प्रति हमारी प्रतिक्रिया में भी यही समझ झलकनी चाहिए।”

उपमुख्यमंत्री ने सहयोगात्मक संघवाद के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत के संघीय लोकतंत्र की ताकत केंद्र और राज्य सरकारों के बीच आपसी सहयोग में निहित है, खासकर तब जब लाखों लोगों का जीवन और उनकी आजीविका दांव पर लगी हो।

उन्होंने कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि मानसून की विफलता की स्थिति में किसान परिवारों को कर्ज के जाल में फंसने या उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत के बर्बाद होने से बचाया जा सके।

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और दो केंद्रीय मंत्रियों से आग्रह किया कि वे कर्नाटक के संशोधित सूखा ज्ञापन को प्राथमिकता दें और मांगी गई वित्तीय सहायता को जल्द से जल्द मंजूरी दिलाकर जारी करने में मदद करें।

उन्होंने इन तीनों नेताओं से जल्द से जल्द मुलाकात का समय मांगा, ताकि वे उन्हें राज्य में सूखे की स्थिति और वहां के किसानों की तत्काल जरूरतों के बारे में व्यक्तिगत रूप से बता सकें।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनकी इस नई अपील पर केंद्रीय नेतृत्व व्यक्तिगत रूप से ध्यान देगा। उन्होंने कहा, “किसानों को अपनी समस्याओं को सुनाए जाने और अपनी तकलीफों के समाधान के लिए अनिश्चित काल तक इंतजार नहीं करना पड़ना चाहिए।”