SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपी चुनाव में जीत की संभावना के आधार पर होगा सीटों का...

यूपी चुनाव में जीत की संभावना के आधार पर होगा सीटों का बंटवारा: डॉ. आशुतोष वर्मा

0
1

लखनऊ, 24 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर जारी है। दोनों दलों के बीच पहली बैठक करीब 15 मिनट में समाप्त हो गई। हालांकि, सपा प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने बैठक की अवधि और सीटों की संख्या को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत शांतिपूर्ण और आम सहमति के साथ आगे बढ़ रही है। कांग्रेस ने सीटों से संबंधित एक सूची सौंपी है, जिस पर आगे चर्चा होगी। अगली बैठक 24 नवंबर को प्रस्तावित है।

डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितनी सीटों पर बातचीत हुई है। कांग्रेस की ओर से सूची मिलने के बाद दोनों दल उस पर विचार करेंगे और फिर चुनाव की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह ही गठबंधन भाजपा को चुनौती देगा और उसे हराने में सफल होगा।

बैठक में 181 सीटों पर चर्चा होने और महज 15 मिनट में बैठक समाप्त होने के सवाल पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसी बातों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कभी 24, कभी 54 और कभी 181 सीटों की सूची चलाकर भ्रम फैलाया जा रहा है। सपा प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी है और जहां उसके उम्मीदवार जीतने की स्थिति में होंगे, वहां पार्टी अपने प्रत्याशी जरूर उतारेगी।

अखिलेश यादव के उस बयान पर भी उन्होंने सहमति जताई, जिसमें कहा गया है कि 2027 के चुनाव में सीटों का बंटवारा उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता के आधार पर होगा। वर्मा ने कहा कि गठबंधन में केवल सीटों की संख्या बढ़ाना मकसद नहीं होना चाहिए। यदि कोई दल किसी सीट पर जीतने की स्थिति में नहीं है तो वहां चुनाव लड़ने का कोई लाभ नहीं है। उन्होंने कांग्रेस को याद दिलाया कि पिछली बार बड़ी संख्या में सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि यह वर्चस्व या गिनती की लड़ाई नहीं, बल्कि सत्ता परिवर्तन और भाजपा को हराने की लड़ाई है। जो दल जहां जीत सकता है, उसे वहां से चुनाव लड़ना चाहिए और जहां जीत की संभावना नहीं है, वहां दूसरे सहयोगी की मदद करनी चाहिए।

यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने मांग की है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जिन 100 से अधिक सीटों पर हार गई थी, उनमें से सहयोगी दलों को सीटें दी जाएं। इस पर डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि संजय निषाद की बात सही है। भाजपा जिन सीटों पर जीत हासिल नहीं कर सकी, वहां सहयोगी दलों को मौका मिलना चाहिए। निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल और राष्ट्रीय लोकदल जैसे कई सहयोगी दल एनडीए में हैं। सहयोगियों को कम से कम आधी सीटें, यानी करीब 200 सीटें दी जानी चाहिए।

एआईएमआईएम प्रवक्ता शादाब चौहान ने अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर प्रदेश में मस्जिदों के ध्वस्तीकरण, कथित फर्जी एनकाउंटर और मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोनों नेताओं के खिलाफ आए आय से अधिक संपत्ति के मामले पर भी सवाल उठाए। इस पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि वह इस मुद्दे पर ज्यादा जवाब नहीं देना चाहते, क्योंकि इससे भ्रम पैदा किया जा रहा है कि एआईएमआईएम भाजपा से लड़ने आई है या समाजवादी पार्टी से।

उन्होंने एआईएमआईएम से पूछा कि पार्टी ने किन मामलों में उनके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी है। वर्मा ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर के साथ गठबंधन के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि एआईएमआईएम विपक्षी वोटों को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने इसे भाजपा की बी-टीम की तरह काम करने वाला राजनीतिक प्रयास बताया। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश का मतदाता समझदार है और ऐसे प्रयासों को खारिज कर देगा।

बाबा रामदेव की ओर से बागेश्वर बाबा पर की गई टिप्पणी के सवाल पर वर्मा ने कहा कि दोनों के बीच विवाद से समाज को कोई सकारात्मक संदेश नहीं मिलता। दोनों को समाज के उत्थान और धार्मिक मूल्यों पर बात करनी चाहिए थी। दोनों अपनी गैर-राजनीतिक सत्ता और प्रभाव बढ़ाने में लगे हैं। एक ओर धार्मिक रूप-रंग को लेकर बातें होती हैं, तो दूसरी ओर कारोबार की चर्चा होती है। उन्होंने दोनों को संत मानने के बजाय कारोबारी बताते हुए कहा कि लोगों की भावनाओं और कमजोरियों का फायदा उठाकर अपना प्रभाव बढ़ाया जा रहा है।

सरयू कमला एक्सप्रेस के संचालन को सपा प्रवक्ता ने ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच बढ़ती साझेदारी दोनों देशों के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए बड़ा संदेश है और समाजवादी पार्टी इसका स्वागत करती है।

वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि केवल निर्माण की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। जरूरी है कि स्टेडियम बनकर तैयार हो और वहां वास्तव में क्रिकेट मैच भी खेला जाए। उन्होंने वाराणसी में विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 10-11 वर्षों से निर्माण की बातें हो रही हैं, लेकिन जमीनी स्थिति सामने आनी चाहिए। कागज पर योजनाएं बनाने के बजाय धरातल पर काम दिखना जरूरी है।

अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज कुछ समय के लिए सस्पेंड होने की जानकारी सामने आने पर डॉ. वर्मा ने कहा कि यह मामला पार्टी के संज्ञान में आया था, लेकिन कुछ ही देर में अकाउंट दोबारा बहाल हो गया। उन्होंने सोशल मीडिया कंपनियों के प्रमुखों से अपील की कि चुनाव के समय ऐसी कोई समस्या नहीं होनी चाहिए, जिससे पार्टी की सूचना लोगों तक पहुंचने में बाधा आए। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान करने के लिए फेसबुक प्रबंधन का आभार जताया।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश में करीब 27 हजार प्राथमिक स्कूल बंद हुए। उन्होंने 2027 में सपा सरकार बनने पर इन स्कूलों को दोबारा खोलने और लैपटॉप वितरण जैसी योजनाएं आगे बढ़ाने का वादा किया है। इस पर वर्मा ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के बिना देश का भविष्य मजबूत नहीं हो सकता। यह सरकार गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को प्रभावित कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार निजी स्कूलों की बढ़ती फीस, यूनिफॉर्म और किताबों के खर्च पर नियंत्रण नहीं कर पाई, लेकिन सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए। शिक्षित समाज सरकार से सवाल पूछता है और शायद यही सरकार को पसंद नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद स्कूल फिर से खोले जाएंगे और वंचित वर्गों के बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। पीडीए समुदाय को सरकार और संगठन में प्रतिनिधित्व देने की बात का भी उन्होंने समर्थन किया।

मुस्लिम समाज में शादी की रीतियों को लेकर अख्तरुल ईमान की आलोचनात्मक टिप्पणी पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिनसे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि सामाजिक परंपराओं पर निर्णय संबंधित समाज के लोगों के साथ बैठकर होना चाहिए। मुस्लिम पर्सनल लॉ की अपनी व्यवस्थाएं हैं और उनमें राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। हर धर्म का सम्मान जरूरी है और सभी समुदायों की बहू-बेटियों की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। समाजवादी पार्टी धर्मनिरपेक्षता और सर्वधर्म सम्मान में विश्वास करती है।