SGSU Advertisement
Home धर्म भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा पर बाबा रामदेव की टिप्पणी पर शंकराचार्य...

भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा पर बाबा रामदेव की टिप्पणी पर शंकराचार्य सदानंद सरस्वती ने दी प्रतिक्रिया

0
3

गांधीनगर, 24 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात स्थित द्वारका शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज ने भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा पर बाबा रामदेव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अब किसने क्या कहा है, इसकी हमें जानकारी नहीं है, लेकिन व्यासपीठ पर बैठने का अधिकारी कौन है- इसका उत्तर हम शास्त्र के अनुसार देते हैं।

शंकराचार्य सदानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि व्यासपीठ पर बैठने का अधिकारी वही है, जो शास्त्रों को जानता है। जिस पुराण की कथा की जा रही है, उस पुराण का सम्यक् ज्ञान उसे होना चाहिए। इधर-उधर की बात व्यासपीठ पर बैठकर नहीं की जानी चाहिए। वह दृष्टांत देने में कुशल और निष्पृह होना चाहिए। आचार्य होने की उसमें क्षमता होनी चाहिए, शास्त्रों का उसे ज्ञान होना चाहिए और धन का लोभ नहीं होना चाहिए। ऐसे व्यक्ति को ही व्यासपीठ पर बैठने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि यह भी समझ लेना चाहिए कि व्यासपीठ अभी खाली नहीं है, व्यासपीठ पर व्यास जी ही बैठते हैं। व्यास जी अभी विद्यमान हैं। उनके रहते हुए गद्दी तो खाली नहीं है। जो व्यासपीठ पर बैठ रहे हैं, वे व्यास जी के प्रतिनिधि हैं, इसलिए व्यास जी के प्रतिनिधियों को अपनी मर्यादा में रहकर प्रवचन करना चाहिए, उपदेश देना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों को सैकड़ों-हजारों लोग सुनते हैं, लाखों लोग श्रवण करते हैं, उन्हें अपनी मर्यादा नहीं तोड़नी चाहिए और बड़े व्यक्ति को बड़ी बात करनी चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि आपकी वाणी का कुछ लोग अनुकरण करते हैं। ऐसा उपदेश आपको नहीं देना चाहिए। भीड़ देखकर आपको यह अभिमान नहीं होना चाहिए कि लोग आपको सुनने आए हैं। वे आपको सुनने नहीं आए हैं। आप जिस भगवान की कथा सुना रहे हैं, वे उस भगवान की कथा सुनने के लिए आए हैं। आप निमित्त हैं। इसलिए वक्ता को अहंकार से मुक्त होना चाहिए। ममकार और अहंकार से मुक्त होना चाहिए।