नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सोसायटी ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन का 65वां वार्षिक सम्मेलन 26 और 27 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन (आईएएम) में किया जाएगा।
आईएएम स्वदेशी विमानों के डिजाइन और विकास तथा भारत के महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम के लिए चिकित्सा सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस वर्ष की थीम ‘वन एयरस्पेस-वन मिशन: रनवे से ऑर्बिट तक एयरोमेडिकल सपोर्ट’ है। यह थीम क्लिनिकल उत्कृष्टता, ऑपरेशनल मेडिसिन और अत्याधुनिक शोध के बीच तालमेल पर जोर देती है, जिसका लक्ष्य मानकों में सामंजस्य लाना और उड़ान के हर क्षेत्र में विभिन्न विषयों के बीच सहयोग को बढ़ाना है।
इस सम्मेलन का उद्घाटन एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, चीफ ऑफ द एयर स्टाफ (सीएएस), द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर भारत और विदेशों के कई प्रतिष्ठित सैन्य और नागरिक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग 250 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें सैन्य और नागरिक उड्डयन क्षेत्रों के चिकित्सा पेशेवर, भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एयरक्रू, तथा डीआरडीओ और एयरोस्पेस उद्योग की एजेंसियों के प्रमुख वैज्ञानिक शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण ‘एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी मेमोरियल ओरेशन’ होगा। इसे सीईएमआईएलएसी के मुख्य कार्यकारी एपीवीएस प्रसाद प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, ‘एयर वाइस मार्शल श्रीनागेश मेमोरियल ओरेशन’ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार (एयरोस्पेस मेडिसिन) एयर वाइस मार्शल अनुपम अग्रवाल (सेवानिवृत्त) द्वारा दिया जाएगा।
‘जेएचएफ मानेकशॉ पैनल’ में विंग कमांडर सुरेंद्र सोढ़ी (सेवानिवृत्त) और कर्नल केएन राव (सेवानिवृत्त) अपने विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे। इस वर्ष एक विशेष पहल के रूप में, सोसायटी ‘कॉस्मोनॉट राकेश शर्मा लेक्चर’ नामक एक प्रमुख व्याख्यान श्रृंखला शुरू कर रही है, जिसका उद्देश्य विंग कमांडर राकेश शर्मा (सेवानिवृत्त) की महान विरासत को सम्मानित करना है। इस श्रृंखला का लक्ष्य दूरदर्शी और अग्रणी लोगों को एक साथ लाना है, ताकि वे अंतरिक्ष अन्वेषण के भविष्य और अंतरिक्ष चिकित्सा तथा तकनीक के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपस्थिति पर चर्चा कर सकें। पहला व्याख्यान स्काईरूट एयरोस्पेस के सीईओ पवन कुमार चंदना द्वारा दिया जाएगा।
वैज्ञानिक कार्यक्रम के अंतर्गत पैनल चर्चाओं, संगोष्ठियों, मंच प्रस्तुतियों और पोस्टर सत्रों के माध्यम से 100 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इन चर्चाओं के साथ-साथ, एक वैज्ञानिक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें अत्याधुनिक एयरो-मेडिकल उपकरण और बायोमेडिकल डिवाइस प्रदर्शित किए जाएंगे। यह सम्मेलन विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा, जो विषय विशेषज्ञों को एक साथ आने और एयरोस्पेस मेडिसिन के क्षेत्र में मिलकर काम करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।
बता दें कि वर्ष 1952 में स्थापित ‘इंडियन इ ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन’ (आईएसएएम) देश की एकमात्र पंजीकृत एयरोमेडिकल सोसायटी है, जो जटिल एयरोमेडिकल चुनौतियों को सुलझाने के लिए ज्ञान के आदान-प्रदान और अग्रणी शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1954 से अपना वार्षिक वैज्ञानिक सम्मेलन आयोजित करती आ रही है।









