SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय यूएई के रस अल खैमाह में भारतीय नागरिकों की मौत पर दूतावास...

यूएई के रस अल खैमाह में भारतीय नागरिकों की मौत पर दूतावास ने जताया दुख, टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया

0
2

दुबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रस अल खैमाह में हुए एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की मौत हो गई। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि उसने शोक संतप्त परिवारों से संपर्क किया है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, “रस अल खैमाह में हुए दुखद सड़क हादसे में कई लोगों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। वाणिज्य दूतावास ने प्रभावित परिवारों से संपर्क किया है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर सहायता एवं सहयोग सुनिश्चित कर रहा है।”

दूतावास ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। सहायता के लिए 24 घंटे उपलब्ध टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 भी जारी किया गया है।

दूतावास ने कहा, “इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। हादसे से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।”

इससे पहले मंगलवार को यूएई के गृह मंत्रालय ने बताया था कि रस अल खैमाह के अल वतन रोड पर एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन राहत दल मौके पर पहुंच गए। एम्बुलेंस, सिविल डिफेंस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर बचाव एवं चिकित्सा अभियान चलाया गया। साथ ही क्षेत्र को सुरक्षित कर यातायात व्यवस्था संभाली गई।

गृह मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।

मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अपुष्ट खबरों या अफवाहों को प्रसारित न करें।

इससे पहले 12 नवंबर को फुजैराह में भी 18 वाहनों और पांच ट्रकों की टक्कर से हुए एक अन्य सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 अन्य घायल हो गए थे।