नोएडा, 25 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला का लंबे समय तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का मामला सामने आया है। महिला ने दिल्ली निवासी एक युवक पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, बिना जानकारी के अश्लील वीडियो बनाने और उन्हीं वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर लगातार शोषण करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उससे करीब 75 लाख रुपए ले लिए। इतना ही नहीं, उसकी छोटी बहन से भी लगभग 22 लाख रुपए लेने की बात शिकायत में कही गई है। महिला ने आरोपी की बहन पर भी इस पूरे मामले में मिलीभगत का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वर्ष 2011 में वह एक प्रोफेसर के साथ काम करती थी। इसी दौरान सय्यद मोहम्मद रिजवान अहमद पुत्र सय्यद मोहम्मद शफीक अहमद निवासी नरंग कॉलोनी, जनकपुरी, दिल्ली से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोपी उस समय संबंधित प्रोफेसर के साथ पीएचडी कर रहा था। काम के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे परिचय बढ़ता गया।
महिला के मुताबिक, दिसंबर 2022 में आरोपी उसके घर आया और उससे शादी करने की जिद करने लगा। इसी दौरान उसने शादी का भरोसा देकर कथित तौर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना अपने मोबाइल फोन से उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए। शुरुआत में उसे इन वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। महिला ने शिकायत में बताया कि बाद में आरोपी उसे वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। शादी करने का वादा करते हुए वह लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि यह सिलसिला दिसंबर 2022 से मार्च 2026 तक चलता रहा। इस दौरान आरोपी ने अपनी आर्थिक मजबूरियां बताकर अलग-अलग समय पर उससे करीब 75 लाख रुपए ले लिए। आरोपी पर उसकी छोटी बहन सौम्या वर्मा से भी लगभग 22 लाख रुपए लेने का आरोप है। महिला का कहना है कि उसने और उसकी बहन ने आरोपी को इस भरोसे पर पैसे दिए थे कि वह उससे शादी कर लेगा।
शिकायत में महिला ने आरोपी की बहन का भी नाम लिया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसकी बहन दोनों मिलकर उस पर धर्म परिवर्तन करके शादी करने का दबाव बनाने लगे। महिला ने धर्म परिवर्तन करने से इनकार कर दिया, लेकिन इसके बावजूद उस पर दबाव बनाया जाता रहा। आरोप है कि आरोपी की बहन भी शादी का भरोसा देकर उससे पैसे लेने की कथित साजिश में शामिल थी।
महिला के अनुसार, जब उसे यह एहसास हुआ कि आरोपी और उसकी बहन का उद्देश्य शादी करना नहीं, बल्कि उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण करना तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाना है, तब उसने पुलिस से शिकायत की। पीड़िता ने अपनी शिकायत में पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में नामजद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब महिला की ओर से लगाए गए आरोपों, कथित अश्लील वीडियो, पैसों के लेनदेन और धर्म परिवर्तन के दबाव से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।









