SGSU Advertisement
Home राजनीति त्रिपुरा निकाय चुनाव के लिए प्रचार खत्म, शुक्रवार को 268 सीटों पर...

त्रिपुरा निकाय चुनाव के लिए प्रचार खत्म, शुक्रवार को 268 सीटों पर होगा मतदान

0
1

अगरतला, 25 नवंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा में 27 नवंबर को होने वाले शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनावों के लिए एक महीने से चल रहा जोरदार प्रचार बुधवार को समाप्त हो गया। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होगा।

सत्ताधारी भाजपा के उम्मीदवार आठ शहरी निकायों में पहले ही 77 सीटों पर निर्विरोध जीत चुके हैं। अब 16 शहरी स्थानीय निकायों की 268 सीटों पर मुकाबला होना है।

राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के एक अधिकारी ने बताया कि 10 नवंबर को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, राज्य के आठ जिलों में फैले 16 शहरी स्थानीय निकायों (जिनमें एएमसी भी शामिल है) की 268 सीटों के लिए कुल 733 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं।

राज्य के सबसे बड़े शहरी निकाय, अगरतला नगर निगम (एएमसी) में 51 सीटें हैं। इनमें से 25 सीटें महिलाओं के लिए, 13 सीटें पुरुषों के लिए और दो सीटें अनुसूचित जाति (एससी) तथा अनुसूचित जनजाति (एसटी) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं।

कुल 733 उम्मीदवारों में से सबसे ज्यादा 265 उम्मीदवार भाजपा के हैं। इसके बाद सीपीआई-एम के 228 और कांग्रेस के 201 उम्मीदवार हैं। भाजपा की सहयोगी पार्टी, टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने 10 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि 29 निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं।

राज्य भर के 21 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में कुल 345 सीटों में से 268 सीटों के लिए 704 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी।

राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के आठ जिलों में होने वाले इन यूएलबी चुनावों में 5.65 लाख से अधिक मतदाता (जिनमें 2.88 लाख महिलाएं शामिल हैं) अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि 27 नवंबर को होने वाले इन स्थानीय निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे त्रिपुरा में 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जा रहा है, जिनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के लगभग 3,000 जवान शामिल हैं।

अधिकारी के अनुसार, राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) ने यूएलबी चुनाव कराने के लिए सीएपीएफ की 39 कंपनियों को तैनात करने पर सहमति दी है, जिनमें 3,000 से अधिक अर्धसैनिक बलों के जवान शामिल होंगे। सीएपीएफ की इस तैनाती में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय बलों के अलावा, त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) और राज्य पुलिस के लगभग 7,000 जवानों को भी उन शहरी क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जहां चुनाव होने हैं। इसके अलावा, राज्य भर के 16 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव संपन्न कराने के लिए एसईसी ने 4,545 मतदान कर्मियों को भी काम पर लगाया है।

इस बीच, टीएसआर सहित केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों ने विभिन्न संवेदनशील शहरी इलाकों में ‘एरिया-डोमिनेशन’ अभ्यास और फ्लैग मार्च करके सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षकों सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की देखरेख में ये अभ्यास किए जा रहे हैं, ताकि मतदाताओं में भरोसा पैदा किया जा सके और चुनाव से पहले किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

सुरक्षा अभियान के तहत, सैकड़ों संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान भी जब्त किया गया है।