SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय एस जयशंकर से मॉरीशस के विदेश मंत्री ने की मुलाकात, ‘उन्नत रणनीतिक...

एस जयशंकर से मॉरीशस के विदेश मंत्री ने की मुलाकात, ‘उन्नत रणनीतिक साझेदारी’ को मजबूत करने पर हुई बात

0
1

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आईओआरए) की 25वीं काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स (सीओएम) की बैठक में शामिल होने आए मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय (रितेश) रामफुल ने गुरुवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने भारत-मॉरीशस ‘उन्नत रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने पर बात की।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। मुलाकात की कुछ झलकियां शेयर करते हुए उन्होंने कहा, “आईओआरए की मंत्रिपरिषद की बैठक के दौरान मॉरीशस के विदेश मंत्री से मिलकर बहुत खुशी हुई। हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख क्षेत्रों की समीक्षा की, जिसमें ‘विशेष आर्थिक पैकेज’ के तहत हुई प्रगति भी शामिल है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने भारत-मॉरीशस ‘उन्नत रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने तथा भारत के विजन महासागर और नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।”

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में क्षेत्रीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा और सतत विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारत 27 नवंबर को इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आईओआरए) की 25वीं काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स (सीओएम) की बैठक की मेजबानी करेगा। नई दिल्ली में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में संगठन के 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

यही वजह है कि तमाम सदस्य देशों के प्रतिनिधि भारत आ रहे हैं। रामफुल मॉरीशस के विदेश मामलों, क्षेत्रीय एकीकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री हैं। गुरुवार को ही सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे भी दिल्ली पहुंचे, जिनका औपचारिक स्वागत करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने लिखा, “हिंद महासागर क्षेत्र में एक विश्वसनीय भागीदार का गर्मजोशी से स्वागत! सेशेल्स के विदेश मामलों और प्रवासी मंत्री, बैरी फॉरे, 25वीं आईओआरए मंत्रिस्तरीय परिषद की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं।”

बैठक से पहले 25 और 26 नवंबर को आईओआरए की 29वीं कमिटी ऑफ सीनियर ऑफिशियल्स (सीएसओ) की बैठक हो रही है। इसमें सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारी संगठन के कामकाज, क्षेत्रीय सहयोग के मौजूदा ढांचे और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। इसके बाद होने वाली मंत्रिस्तरीय बैठक में सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान और संगठन की भावी नीतिगत दिशा पर चर्चा होगी।

भारत की 2025-2027 की आईओआरए अध्यक्षता का विषय ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ रखा गया है। इस थीम के तहत भारत क्षेत्र के देशों के बीच साझा चुनौतियों से निपटने और सामूहिक विकास के लिए सहयोग को मजबूत करने पर जोर दे रहा है।