SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपी चुनाव: ओवैसी-चंद्रशेखर का दांव, दलित सीएम और मुस्लिम डिप्टी सीएम का...

यूपी चुनाव: ओवैसी-चंद्रशेखर का दांव, दलित सीएम और मुस्लिम डिप्टी सीएम का नारा देकर दिखाई ताकत

0
2

लखनऊ, 26 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को लखनऊ में एक मंच पर आकर सियासी ताकत दिखाने की कोशिश की। आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की पहली बड़ी संयुक्त रैली में दोनों नेताओं ने एक साथ मंच साझा किया। रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ में दलित और मुस्लिम एकजुटता का संदेश देने के साथ सत्ता में भागीदारी का नारा बुलंद किया गया।

रैली स्थल पर लगे पोस्टरों में ‘दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा’ का नारा प्रमुखता से नजर आया। रैली में ओवैसी और चंद्रशेखर के पहुंचने पर समर्थकों ने बड़ी माला पहनाकर उनका स्वागत किया। पूरे मैदान में नीले और हरे झंडे दिखाई दिए। कार्यकर्ताओं ने ‘जय भीम’ के नारे लगाकर गठबंधन के प्रति अपना समर्थन जताया। आयोजकों ने इस रैली में पांच लाख लोगों के जुटने का दावा किया था।

रैली को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि दबे-कुचले और वंचित समाज के लोगों के पास न खाने के लिए भोजन है और न पहनने के लिए कपड़े। उनके पास अगर कुछ है तो वह बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का दिया हुआ संविधान है। उन्होंने कहा कि दलित और मुसलमान न पहले कभी आपस में लड़े थे और न आगे लड़ेंगे।

शौकत अली ने कहा कि उनके नेता ने संसद में कहा था कि जब अनुसूचित जाति समाज का बेटा प्रधानमंत्री बनेगा, तभी पिछड़ों को न्याय मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि उनके नेता और कार्यकर्ता मिलकर दलित समाज के नेता चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। गरीब, दलित, शोषित और वंचित समाज का बेटा प्रदेश की सत्ता संभाले, यही इस गठबंधन का संकल्प है।

एआईएमआईएम के सचिव डॉ. आदिल ने कहा कि रैली में उमड़ रही भीड़ साफ संदेश दे रही है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक विकल्प के रूप में उभर रहा है। आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम ने मिलकर यह मोर्चा बनाया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की जनता को एक नया राजनीतिक विकल्प देना और नई सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है। रैली स्थल पर लगाए गए पोस्टरों और होर्डिंग के जरिए गठबंधन ने सत्ता में दलित और मुस्लिम भागीदारी का संदेश देने की कोशिश की।

‘दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा’ जैसे नारों के जरिए दोनों समुदायों को एक राजनीतिक मंच पर लाने की रणनीति दिखाई दी। इस दौरान रैली में पहुंचे कुछ समर्थकों ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं को लेकर भी तीखी टिप्पणियां कीं। एक मुस्लिम समर्थक ने सपा नेता आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा कि जेल में रहने के कारण उनका दिमाग खराब हो गया है, इसलिए उन्हें हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं आ रही।

उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान अपने बयानों से लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। ज्ञात हो कि, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर का एक साथ आना और दलित-मुस्लिम एकजुटता के साथ सत्ता में हिस्सेदारी का नारा देना प्रदेश की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम