SGSU Advertisement
Home Student & Youth गुवाहाटी हाईकोर्ट में लॉ क्लर्क बनने का बेहतरीन मौका, 10 दिसंबर तक...

गुवाहाटी हाईकोर्ट में लॉ क्लर्क बनने का बेहतरीन मौका, 10 दिसंबर तक करें आवेदन

0
1

दिसपुर, 26 नवंबर (आईएएनएस)। हाईकोर्ट में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने गुवाहाटी की प्रधान पीठ में लॉ क्लर्क के कुल 5 पदों पर अस्थायी आधार पर नियुक्ति के लिए एक विज्ञापन प्रकाशित कर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

गुवाहाटी हाईकोर्ट की ओर से कानून क्लर्क के पद के लिए जारी की गई रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 नवंबर को दोपहर 3 बजे से शुरू हो गई है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे गुवाहाटी उच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित रिक्तियों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तक तय की गई है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कानून में ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री या डॉक्टरेट की उपाधि होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, जो उम्मीदवार वकालत कर रहे हैं या जिनके पास कानून के क्षेत्र में पेशेवर अनुभव है या जिन्होंने कानून के विषय पर कोई साहित्यिक कार्य किया है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 10 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार – बहुविकल्पीय), साक्षात्कार/मौखिक परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 रुपए प्रति माह होगी।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/एमओबीसी के लिए 500 रुपए और एससी/एसटी (पी)/एसटी (एच) के लिए 250 रुपए तय किया गया है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि गुवाहाटी हाईकोर्ट की ओर से यह भर्ती पूरी तरह से संविदात्मक और अस्थायी है, जिसका कार्यकाल शुरू में दो वर्ष का होगा और इसे एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है।