SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गुल में बन रहा है टूरिस्ट हब, बनिहाल को पर्यटन के नक्शे...

गुल में बन रहा है टूरिस्ट हब, बनिहाल को पर्यटन के नक्शे पर लाने की तैयारी : सज्जाद शाहीन

0
2

बनिहाल, 26 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी ने लोगों की जिंदगी को आसान बना दिया है। उधमपुर से बारामूला तक रेल सेवा शुरू होने से न सिर्फ सफर सस्ता और आरामदायक हुआ है, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। बनिहाल से नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक हाजी सज्जाद शाहीन ने रेल यात्रा के दौरान आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि रेल की वजह से आम लोगों का सफर, व्यापार और पर्यटन, तीनों में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र को भी अब पर्यटन के नक्शे पर लाने का काम तेजी से हो रहा है।

विधायक सज्जाद शाहीन ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के गुल इलाके में एक टूरिज्म डेस्टिनेशन का शिलान्यास किया गया है। वहां एक टूरिस्ट हब बनाया जा रहा है। इसके बाद उनके कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी है। उन्होंने कहा कि गुल और बनिहाल जैसे इलाकों में प्राकृतिक सुंदरता की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है वहां तक लोगों को पहुंचाने और बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से वह रेल से यात्रा कर रहे हैं। रेल को उन्होंने इसलिए चुना क्योंकि यह सुलभ है, समय की बचत करती है और आतिथ्य के लिहाज से भी एक बेहतर विकल्प है।

रेल यात्रा की सस्ती दरों का उदाहरण देते हुए सज्जाद शाहीन ने कहा कि हम 10 लोग यात्रा कर रहे हैं। प्रति व्यक्ति किराया मात्र 10 रुपये है और हम सभी 100 रुपये में अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। अगर हम गाड़ियों का इस्तेमाल करते, तो कम से कम चार से पांच हजार रुपये का तेल ही लग जाता।

सज्जाद शाहीन ने कहा कि आज बनिहाल में न सिर्फ नियमित रेल सेवाएं हैं, बल्कि वंदे भारत एक्सप्रेस का भी स्टॉप है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने बताया कि जब वंदे भारत शुरू होने वाली थी, तो उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को एक चिट्ठी लिखकर अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रेल मंत्री को एक पत्र भेजकर सिफारिश की कि बनिहाल में वंदे भारत का स्टॉप रखा जाए। केंद्रीय रेल मंत्री ने हमारी इस मांग को माना और बनिहाल में वंदे भारत का स्टॉप बना।

सज्जाद शाहीन ने कहा कि रेल से पहुंच बहुत आसान हो गई है। पर्यटकों का आना-जाना बढ़ा है, पर्यटन को बढ़ावा मिला है और पर्यटकों की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है। हम चाहते हैं कि हम अपने विधानसभा क्षेत्र को भी पर्यटन के नक्शे पर लाएं, ताकि जितने भी सैलानी ट्रेन या सड़क के जरिए आएं, वे यहां आ सकें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जहां शहरों को विकसित करने की बात करते हैं, वहीं दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए भी काम कर रहे हैं। जहां प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर इलाके हैं, वहां बुनियादी ढांचा बनाकर उन्हें पर्यटन के नक्शे पर लाया जा सके। होम क्लस्टर बनाया जा सके, ताकि होम स्टे का एक सिस्टम बने, ⁠पर्यटन के नक्शे पर आएं, पर्यटक आएं और इन घरों में रहें। इससे लोगों की आर्थिक स्थिति बदलेगी और लोगों को रोजगार मिलेगा।