नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 57 गेंदों में 101 रन जड़े, जिसकी मदद से केरल ने 268/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। गुरुवार को मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में केरल ने हिमाचल प्रदेश को 67 रनों से मात देकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) 2026 के सुपर लीग में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
दूसरी तरफ, दिल्ली ने रेलवे को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर अगले दौर में लगभग अपनी जगह पक्की की। वहीं, विदर्भ ने छत्तीसगढ़ को 34 रनों से हराया और राजस्थान ने बंगाल को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। आइए, इन मुकाबलों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
केरल बनाम हिमाचल प्रदेश: केरल का 268/4 का स्कोर इस टूर्नामेंट के इतिहास में उनका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। न्यू चंडीगढ़ में आयोजित ‘ग्रुप-सी’ के इस मुकाबले को केरल ने 67 रन से अपने नाम करते हुए लगातार चौथा मुकाबला जीता। पहले बल्लेबाजी करने उतरी केरल ने मोहम्मद अजहरुद्दीन की शतकीय पारी के दम पर 4 विकेट खोकर 268 रन बनाए। अजहरुद्दीन 57 गेंदों में 6 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 101 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान संजू सैमसन ने 44 रन टीम का खाते में जोड़े।
इसके जवाब में हिमाचल प्रदर्शन की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 201 रन ही बना सकी। इस पारी में वैभव कल्टा ने 28 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ नाबाद 57 रन बनाए, जबकि एकांत सेन ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
रेलवे बनाम दिल्ली: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में, दिल्ली ‘ग्रुप बी’ में तीन अन्य टीमों के साथ प्वाइंट्स के मामले में बराबरी पर थी और सिर्फ बेहतर नेट रन रेट की वजह से उनसे आगे थी। रेलवे के खिलाफ एक शानदार जीत के साथ उन्होंने अपने नेट रन रेट को और बेहतर कर लिया।
रेलवे की पूरी टीम 122 रन पर आउट हो गई, जिसमें सुयश शर्मा ने 14 रन देकर 3 विकेट लिए और रजनीश दादर ने 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इससे पहले, टी20 इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर (181 रन) बनाने वाले प्रियांश आर्य ने इस मैच में 30 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए।
विकेटकीपर-बल्लेबाज तेजस्वी दहिया ने 16 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की तूफानी पारी खेली, जिससे दिल्ली ने 8.5 ओवर शेष रहते ही जीत हासिल कर ली। दिल्ली ने सुपर लीग में अपनी जगह पक्की कर ली है, अब यह देखना बाकी है कि पंजाब और सौराष्ट्र में से कौन सी टीम एलीट ग्रुप बी से क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बनती है।
राजस्थान बनाम बंगाल: वानखेड़े स्टेडियम में, राजस्थान ने बंगाल को एक तरह से नॉकआउट मैच में हराकर ‘सुपर लीग’ में प्रवेश किया। राजस्थान और बड़ौदा दोनों ने एलीट ग्रुप ए में 20-20 प्वाइंट्स हासिल किए, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण बड़ौदा शीर्ष स्थान पर रहा।
बंगाल की शुरुआत खराब रही और 32 रन के स्कोर पर ही उनके चार विकेट गिर गए। शाकिर हबीब गांधी ने 43 गेंदों पर 69 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि करण लाल ने 20 गेंदों पर 28 रन जोड़े, जिससे बंगाल 157/9 के स्कोर तक पहुंच सका। भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 13 रन देकर 3 विकेट लिए।
इसके जवाब में राजस्थान ने भी शुरुआत में ही तीन विकेट गंवा दिए, लेकिन फिर अभिजीत तोमर और महिपाल लोमरोर ने मैच को बंगाल की पकड़ से दूर कर दिया। लोमरोर ने काफी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 74 रन बनाए, जबकि तोमर 52 गेंदों में 74 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
विदर्भ बनाम छत्तीसगढ़: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए एलीट ‘ग्रुप-डी’ के मुकाबले को विदर्भ ने 34 रन से अपने नाम किया। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 194/5 का स्कोर खड़ा किया। अमन मोखाडे ने 42 गेंदों में 9 बाउंड्री की मदद से 68 रन बनाए, जबकि यश राठौड़ ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, कप्तान अथर्व तायडे और दानिश मालेवार ने 37-37 रन बनाए।
छत्तीसगढ़ 19.1 ओवरों में 160 रन पर सिमट गई। अमनदीप खरे ने 37 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 62 रन जड़े, जबकि संगीत सोनी ने 26 रन बनाए। इनके अलावा, शशांक चंद्राकर ने 20 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से प्रफुल्ल हिंगे ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि दर्शन नालकंडे और यश कदम ने 2-2 विकेट झटके।
टूर्नामेंट का ‘नॉकआउट चरण’ नागपुर में होने जा रहा है, जिससे विदर्भ को अगले चरण में घरेलू मैदान का फायदा मिलेगा। एलीट ‘ग्रुप डी’ में मुंबई नेट रन रेट के आधार पर शीर्ष पर रही, जबकि विदर्भ इस ग्रुप की दूसरी सर्वश्रेष्ठ टीम के रूप में आगे बढ़ी है।









