नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नागरिकों से 29 नवंबर को ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण में शामिल होने की अपील की है। यह आयोजन ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स’ थीम के तहत भारत में ओलंपिक आंदोलन का जश्न मनाने के लिए किया जा रहा है।
डॉ. मांडविया पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ से इस आयोजन का नेतृत्व करेंगे, जहां लगभग 50,000 साइकिल चालक शामिल होंगे। ‘माय भारत’ के सहयोग से देशभर के हर जिले में यह आयोजन किया जाएगा, जिसमें 100 भारतीय ओलंपियन देशभर की 100 प्रमुख जगहों पर मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक वीडियो संदेश में कहा, “दोस्तों, जिम जाने का 100 डेज चैलेंज तो बहुत से लोगों ने लिया होगा। कई लोगों ने तो बीच में ही छोड़ दिया होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं, इस देश में पिछले 99 रविवार में से 40,000 से ज्यादा लोकेशन पर लाखों लोग साइकिलिंग के थ्रू फिटनेस का संदेश दे रहे हैं।”
“प्रधानमंत्री ने इस देश को फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ने का एक सपना देखा था, जिसे आज ‘संडे ऑन साइकिल’ पूरा कर रहा है। मगर आने वाला संडे बहुत खास होने वाला है। इस संडे, कश्मीर से कन्याकुमारी तक, कच्छ से कोहिमा तक ओलंपिक वैल्यूज को सेलिब्रेट करने के लिए सारा देश ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें एडिशन में भाग लेने वाला है। तो फिर देरी किस बात की? मेरी साइकिल तो पुणे में चलने के लिए तैयार है। अब आपकी बारी है। चलिए, संडे को साइकिल के साथ मिलते हैं।”
‘संडे ऑन साइकिल’ भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय की तरफ शुरू किया गया एक देशव्यापी फिटनेस अभियान है। इसका उद्देश्य लोगों को नियमित रूप से साइकिल चलाने, फिट रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस पहल की शुरुआत दिसंबर 2024 में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत की गई थी। इसके जरिए लोगों को शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक बनाकर स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा दिया जा रहा है।










