SGSU Advertisement
Home खेल एशिया कप राइजिंग स्टार्स: फाइनल में पाकिस्तान-ए ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी...

एशिया कप राइजिंग स्टार्स: फाइनल में पाकिस्तान-ए ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी करने का लिया फैसला

0
1

दोहा, 29 नवंबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान-ए की भिड़ंत श्रीलंका-ए के साथ हो रही है। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

पाकिस्तान-ए का प्रदर्शन अब तक टूर्नामेंट में शानदार रहा है। टीम ने अब तक खेले सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है। सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से हराया था। बांग्लादेश को 232 रनों के टोटल पर रोकने के बाद पाकिस्तान ने लक्ष्य को 45.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।

पाकिस्तान की ओर से बल्लेबाजी में हसन नवाज का प्रदर्शन टूर्नामेंट में दमदार रहा है। वह 4 मुकाबलों में 44 की औसत से खेलते हुए 176 रन बना चुके हैं। वहीं, माज सदाकत ने 4 मैचों में अब तक 131 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के गेंदबाज खासतौर पर इस टूर्नामेंट में कमाल की लय में दिखे हैं। सुफयान मोकिम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। वह 4 मुकाबलों में 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, अली रजा ने 3 मैचों में 8 विकेट निकाले हैं।

दूसरी ओर, श्रीलंका-ए ने भी टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया है। सेमीफाइनल में श्रीलंका ने भारत को आसानी से 8 विकेट से हराया था। 318 रनों के लक्ष्य को श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने 41.3 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर चेज कर लिया था। टीम की तरफ से लसिथ क्रूसपुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंदों में 116 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि सिनेथ जयवर्धना ने महज 70 गेंदों में 105 रन बनाए थे। निशान मदुष्का भी अच्छी लय में दिखाई दिए हैं और उन्होंने सेमीफाइनल में 58 रनों की नाबाद पारी खेली थी। हालांकि, सेमीफाइनल में श्रीलंका के गेंदबाज जरूर पूरी तरह से बेअसर दिखाई दिए थे।

श्रीलंका-ए की प्लेइंग इलेवन: लसिथ क्रूसपुले, सिनेथ जयवर्धने, निशान मदुष्का (विकेटकीपर), पवन रथनायके (कप्तान), निपुण धनंजय, जेनिथ लियानागे, रविन्दु फर्नांडो, वानुजा साहन, विजयकांत वियास्कंथ, लाहिरू समराकून और गरुका संकेथ।

पाकिस्तान-ए की प्लेइंग इलेवन: शमील हुसैन, माज सदाकत, शाहजेब खान, हसन नवाज, अब्दुल समद (कप्तान), फरहान यूसुफ, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, सुफयान मोकिम, और अली रजा।