SGSU Advertisement
Home राजनीति परिसीमन विधेयक दक्षिण भारत की जीत, तेलंगाना की लोकसभा सीटें 17 से...

परिसीमन विधेयक दक्षिण भारत की जीत, तेलंगाना की लोकसभा सीटें 17 से बढ़कर 26 होंगी: केटीआर

0
3

हैदराबाद, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव (केटीआर) ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को दक्षिण भारत की जीत बताते हुए कहा है कि इससे तेलंगाना और दक्षिणी राज्यों के संसद में मौजूदा प्रतिनिधित्व हिस्से की सुरक्षा होगी।

रविवार को जारी बयान में केटीआर ने कहा कि परिसीमन प्रक्रिया में तेलंगाना और दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व हिस्से को बरकरार रखना दक्षिण भारत के लोगों की जीत है। उन्होंने दोहराया कि जनसंख्या वृद्धि को सफलतापूर्वक नियंत्रित करने वाले राज्यों को इसके लिए नुकसान नहीं उठाना चाहिए।

केटीआर ने कहा कि बीआरएस लगातार मांग करती रही है कि लोकसभा में दक्षिणी राज्यों का मौजूदा 24 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखा जाए। पिछले चार वर्षों से परिसीमन को लेकर पार्टी का रुख इसी मांग पर आधारित रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीआरएस के संघर्ष और दक्षिणी राज्यों की एकजुट आवाज का असर अब दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा, “हमारी मांग रही है कि लोकसभा में दक्षिणी राज्यों का 24 प्रतिशत प्रतिनिधित्व बरकरार रहना चाहिए। हमने संसद में पहले के परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, क्योंकि वह हमारी मांग के विपरीत था। केंद्र अब इस दिशा में आया है और हम दक्षिणी राज्यों तथा तेलंगाना के हितों की रक्षा करने वाले परिसीमन दृष्टिकोण का स्वागत करते हैं।”

केटीआर ने कहा कि प्रस्ताव के तहत तेलंगाना में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 180 और लोकसभा सीटों की संख्या 26 तक हो सकती है। उन्होंने इसे परिसीमन की ऐसी प्रक्रिया बताया, जिसमें केवल जनसंख्या वृद्धि को आधार नहीं बनाया जा रहा है।

उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी की आवश्यकता पर जोर देते हुए कांग्रेस से प्रस्ताव का विरोध करने के कारण स्पष्ट करने और दक्षिण भारत के हितों की रक्षा के लिए अपना वैकल्पिक सुझाव बताने को कहा।

केटीआर ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ऐसे परिसीमन का विरोध क्यों कर रही है, जिससे तेलंगाना और दक्षिणी राज्यों को फायदा होने की संभावना है। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस चाहती है कि परिसीमन केवल जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर हो, जिससे दक्षिणी राज्यों और तेलंगाना को नुकसान हो सकता है।

बीआरएस नेता ने इससे पहले एक्स पर पोस्ट के जरिए घोषणा की थी कि तेलंगाना के हितों को प्राथमिकता देते हुए पार्टी के तीन राज्यसभा सांसद परिसीमन प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने महिला आरक्षण का भी समर्थन दोहराते हुए कहा कि पार्टी इसके लागू होने के प्रति प्रतिबद्ध है।

केटीआर ने कहा कि बीआरएस का परिसीमन पर रुख स्पष्ट रहा है- दक्षिण भारत के संसदीय प्रतिनिधित्व में कमी नहीं होनी चाहिए और तेलंगाना के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित 50 प्रतिशत सीट वृद्धि और 2051 तक राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व अनुपात में बदलाव नहीं करने का प्रावधान दक्षिण के 24 प्रतिशत प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की चिंता का समाधान करता है। इससे तेलंगाना की लोकसभा सीटें 17 से बढ़कर 26 हो सकती हैं।