SGSU Advertisement
Home राजनीति एनसीपी (एसपी) इंडी गठबंधन में हैं, लेकिन परिसीमन बिल का समर्थन करेंगे...

एनसीपी (एसपी) इंडी गठबंधन में हैं, लेकिन परिसीमन बिल का समर्थन करेंगे : प्रवक्ता राज राजापुरकर

0
3

मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता राज राजापुरकर ने स्पष्ट किया कि पार्टी आज भी इंडी गठबंधन का अविभाज्य और अहम घटक है, लेकिन हमने परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला किया है। उन्होंने शरद पवार के खिलाफ कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार की बयानबाजी को जल्दबाजी और फुले-अंबेडकर विचारधारा का अपमान बताया।

एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता राज राजापुरकर ने कहा, “मैं आपको एक बात बहुत स्पष्ट रूप से कह देता हूं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) आज भी इंडी गठबंधन का एक अविभाज्य घटक है। आज भी उसका एक अहम हिस्सा है। हम आज भी इंडी गठबंधन में हैं, लेकिन हमारी पार्टी ने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए हमारे पार्टी के विधायक और हमारे एक वरिष्ठ नेता, जो हमारे राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं, जितेंद्र आव्हाड, उन्होंने यह बात रखी कि हमारी पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन करेगी।”

उन्होंने कहा, “मैं यह बात स्पष्ट रूप से कह रहा था और आज भी कह रहा हूं कि हमारी पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले, जो हमारी पार्टी की वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं, उन्होंने कहा है कि हमारी पार्टी की जो लाइन है, वह आपको लोकसभा में सोमवार को पता चलेगी।

एक अन्य सवाल के जवाब में राज राजापुरकर ने कहा कि जब आपको वह मैजिक फिगर हासिल करना होता है, तो उसे हासिल करने के लिए गठबंधन के सभी लोगों और सभी दलों को साथ लेकर चलना पड़ता है। जो डीएमके है, पहले इंडी गठबंधन के लोगों को डीएमके से बात करनी चाहिए थी, लेकिन उनसे बात किए बिना, उन्हें अपनी निर्णय प्रक्रिया में शामिल किए बिना यदि कोई निर्णय लिया जाता है तो मुझे लगता है कि यह गलती है।

उन्होंने कहा कि शरद पवार और उनकी पार्टी के बारे में जिस प्रकार की बयानबाजी कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार और अन्य नेताओं ने की, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि यह बहुत जल्दबाजी थी। जिस प्रकार आपने हमारे वरिष्ठ नेता शरदचंद्र पवार और हमारी पार्टी की विचारधारा, जो फुले-अंबेडकर की विचारधारा है, उसका अपमान और अनादर किया, वह उचित नहीं था। आज वो कह रहे हैं कि वे शरद पवार से माफी मांगेंगे। मैं आपको फिर एक बार कहता हूं कि कल इस बिल के बारे में हमारी पार्टी की लाइन स्पष्ट होगी और वह सदन के पटल पर सामने आएगी।

राज राजापुरकर ने कहा कि उससे पहले किसी भी दल या पार्टी के नेताओं को कोई भी बयान देने से पहले अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बात करनी चाहिए और यह सोचना चाहिए कि उन्हें किस दिशा में जाना है। जहां तक संख्या का सवाल है, मुझे पता है कि इस बिल को सदन में पारित कराने के लिए एनडीए गठबंधन को एक निश्चित संख्या चाहिए। आज उनके पास लगभग 345 का आंकड़ा है और उन्हें अभी भी कुछ अतिरिक्त समर्थन की आवश्यकता है। सबसे महत्वपूर्ण भूमिका डीएमके की हो सकती है। डीएमके क्या कहती है और किस प्रकार अपना रुख स्पष्ट करती है, यह बहुत महत्वपूर्ण होगा।

उन्होंने कहा कि जब से ये बातें चल रही हैं, पिछले दो-तीन दिनों से शरद पवार की तबीयत काफी खराब है। उनकी स्थिति नाजुक है और वे इस समय ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। कल भी वे वहीं थे। कुछ परीक्षणों के लिए उन्हें नजदीकी कैंसर अस्पताल भी ले जाया गया था। उनकी तबीयत इस समय काफी गंभीर और नाजुक है। ऐसे हालात में, जिस प्रकार आज ये चर्चाएं और तर्क-वितर्क हो रहे हैं। मुझे लगता है कि राहुल गांधी को सबसे पहले शरद पवार को फोन करना चाहिए था। राहुल गांधी को स्वयं आगे बढ़कर शरद पवार से मिलने आना चाहिए था।