नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बाबा सिद्दीकी मर्डर को लेकर उनके बेटे जीशान सिद्दीकी को अमेरिका के डीएचएस विभाग की तरफ से एक ईमेल मिला, जिसमें बताया गया कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से बाहर कर दिया गया है। इसको लेकर जीशान सिद्दीकी का कहना है कि उसे भारत लाना चाहिए और उससे पूछा जाना चाहिए कि उसने मेरे पिता की हत्या क्यों करवाई?
जीशान सिद्दीकी ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उन्होंने अमेरिका के न्याय विभाग समेत सभी विभागों से संपर्क किया था और उन्हें पता चला कि अंतर्राष्ट्रीय अपराधी अनमोल बिश्नोई को डीएचएस द्वारा हिरासत में लिया गया था। आज मुझे पता चला कि उसे अमेरिका से भी बाहर निकाल दिया गया है।
जीशान ने कहा कि वह भारतीय नागरिक है तो उसे भारत लाना चाहिए और उससे पूछताछ की जानी चाहिए। मेरे पिता की हत्या में उसका नाम है, तो उससे पूछा जाना चाहिए कि आखिर उसे ऐसा करने के लिए किसने कहा था? समाज के लिए भी वह खतरा है तो भारत लाकर उससे पूछताछ की जानी चाहिए।
जांच से जुड़ी लापरवाही पर जीशान ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि मुझे जितनी जानकारी यहां से नहीं मिल रही है, उससे अधिक जानकारी अमेरिका से मिल रही है। अमेरिका कह रहा है कि अनमोल बिश्नोई उनके पास नहीं है, उसे बाहर निकाल दिया गया है। अब केंद्र और राज्य सरकार से मेरी अपील है कि जब अमेरिका ने कह दिया कि वह वहां से बाहर है, तो अब उसे भारत लाना चाहिए। उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से बातचीत हुई है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी बात करूंगा। हाई कोर्ट में एसआईटी गठित करने की मांग वाली अपील को लेकर जीशान सिद्दीकी ने कहा कि मामला अभी कोर्ट में है। मेरी मां ने अपील दायर की हुई है, जो कोर्ट में है, उस पर कुछ नहीं बोलना है।

