नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। वेस्ट दिल्ली लॉयन्स ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को दिल्ली प्रीमियर लीग-2025 (डीपीएल) के सातवें मैच में आठ विकेट से मात दी। यह सीजन में लॉयन्स की लगातार दूसरी जीत रही, जबकि सुपरस्टार्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की टीम ने सात विकेट खोकर 185 रन बनाए।
सुपरस्टार्स को सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत दिलाई। कुंवर बिधूड़ी और सुमित माथुर के बीच 8.1 ओवरों में 74 रन की साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूती दी।
कुंवर बिधूड़ी 27 गेंदों में दो छक्कों और चार चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सुमित माथुर ने 29 गेंदों में 33 रन टीम के खाते में जोड़े।
इसके बाद कप्तान आयुष बडोनी ने 25 गेंदों में दो छक्कों और चार चौकों के साथ 48 रन की पारी खेलते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
विपक्षी टीम की ओर से अनिरुद्ध चौधरी सर्वाधिक तीन विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे, जबकि मनन भारद्वाज ने दो विकेट अपने नाम किए।
इसके जवाब में सलामी बल्लेबाजों की बदौलत वेस्ट दिल्ली लॉयन्स ने 15.4 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली।
कृष यादव ने अंकित कुमार के साथ मिलकर 14 ओवरों में 158 रन बनाए। कृष यादव 42 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें दो छक्के और नौ चौके शामिल रहे।
इसके बाद अंकित कुमार ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। अंकित शतक से महज चार रन दूर रह गए। उन्होंने 46 गेंदों में छह छक्कों और 11 चौकों की मदद से 96 रन की पारी खेली।
कप्तान नितीश राणा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जिन्होंने पांच गेंदों में 16 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए टीम को 26 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई।
विपक्षी टीम की ओर से सुमित कुमार बेनीवाल और सागर तंवर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।


