नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को हो रहे ‘सेखों मैराथन 2026’ को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह मैराथन 4 अक्टूबर को सुबह 5 बजे से 11 बजे तक आयोजित की जा रही है।
बता दें कि दूसरी ‘सेखों मैराथन 2026’ भारतीय वायुसेना के एकमात्र परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों के सम्मान में आयोजित की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जेएलएन स्टेडियम और लोधी रोड के आसपास, लाला लाजपत राय मार्ग, इंडिया गेट और जाकिर हुसैन मार्ग, कर्तव्य पथ इलाके में यातायात प्रभावित रहेगा।
भीष्म पितामह मार्ग (जेएलएन स्टेडियम गेट नंबर 1) और लोधी रोड (बीपी मार्ग से मदरसा टी-पॉइंट और अरबिंदो मार्ग तक), लाला लाजपत राय मार्ग, जाकिर हुसैन मार्ग और सी-हेक्सागन इंडिया गेट (शेरशाह रोड कट से अशोका रोड कट तक) और कर्तव्य पथ, मानसिंह रोड, जनपथ पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
सेवा नगर फ्लाईओवर, कोटला और सेवा नगर रेड लाइट, मेहरचंद मार्केट, एंड्रयूज गंज चौक, नीला गुम्बद, लाला लाजपत राय मार्ग, सी-हेक्सागन, क्यू पॉइंट, जनपथ, मानसिंह रोड और तिलक मार्ग पर डायवर्जन रहेगा। वीआईपी पार्किंग गेट नंबर 5 से 7 से 9 के अंदर और प्रतिभागियों के लिए स्कोप कॉम्प्लेक्स, दयाल सिंह कॉलेज, सुनहरी पुल्ला और सेवा नगर बस डिपो में व्यवस्था है।
इमरजेंसी वाहनों को बिना किसी रुकावट के जाने दिया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
वहीं, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन के तहत 10 किलोमीटर की दौड़ शुरू हो गई है। 74 साल के रिटायर्ड नेवी ऑफिसर राजिंदर सिंह ने आईएएनएस से कहा, “मैं आज अपनी 149वीं मैराथन पूरी कर रहा हूं। मैं पूरे भारत में दौड़ता रहा हूं। मैं इंडियन नेवी से रिटायर्ड हूं। मैंने पाकिस्तान के साथ हुई दोनों लड़ाइयों में हिस्सा लिया था। 1971 में मैं केरल में था और कारगिल के समय मैं गोवा के नेवल एयरपोर्ट पर था। अब भी मैं दौड़ना जारी रखे हुए हूं।”
