नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जल विकास एजेंसी (एनडब्ल्यूडीए) ने संविदा के आधार पर विभिन्न नौ पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एनडब्ल्यूडीए की ओर से नौ पदों के लिए जारी रिक्तियों में उप निदेशक/कार्यकारी अभियंता (डिप्टी डायरेक्टर/एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) के 7 और अधीक्षण अभियंता (सुपरिटेंडिंग इंजीनियर) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 3 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि इस भर्ती के लिए विज्ञापन के प्रकाशन की तिथि से 60 दिन होगी। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास दोनों पोस्ट के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा/डिग्री या इसके समकक्ष योग्यता होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 5 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु दोनों पोस्ट के लिए 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन बायो-डेटा की स्क्रीनिंग, एनुअल परफॉर्मेंस अप्रेजल रिपोर्ट (एपीएआर) की समीक्षा, सतर्कता मंजूरी, सक्षम प्राधिकारी द्वारा चयन, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी डिप्टी डायरेक्टर/एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पद के लिए 67,700 से 2,08,700 रुपए और सुपरिटेंडिंग इंजीनियर पोस्ट के लिए 78,800 से 2,09,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनडब्ल्यूडीए के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘उप निदेशक (प्रशासन), राष्ट्रीय जल विकास एजेंसी, 18-20, कम्युनिटी सेंटर, साकेत, नई दिल्ली-110017’ के पते पर डाक के माध्यम से अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचा दें।

